-
झारखंड के लातेहार और डालटनगंज स्टेशनों के बीच हथियारबंद बदमाशों ने यात्रियों को लूटा
भुवनेश्वर। संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन में झारखंड में हथियारबंद बदमाशों ने शनिवार को जमकर लूटपाट की। बताया जाता है कि एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश थे। घटना शनिवार देर रात उस समय हुई है, जब ट्रेन झारखंड के लातेहार और डालटनगंज स्टेशनों के बीच चल रही थी। बंदूकों और अन्य हथियारों से लैस लुटेरों ने एक्सप्रेस ट्रेन के एस-9 कोच पर धावा बोल दिया और बंदूक की नोंक पर कई यात्रियों से लूटपाट करनी शुरू की। इस दौरान बदमाशों के हमले में कुछ यात्रियों को चोटें भी आईं। बदमाशों ने यात्रियों से लाखों रुपये के सोने के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया।
ट्रेन के डालटनगंज स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। कुछ देर तक स्टेशन पर तनाव की स्थिति बनी रही। ट्रेन करीब दो घंटे तक वहां रुकी और घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद रवाना हुई।
एक यात्री ने कहा कि घटना रात करीब 11 बजे की है। ट्रेन लातेहार से बरवाडीह के बीच चल रही थी। इसी दौरान लुटेरों ने बंदूक निकाली और लूटपाट करनी शुरू की। उन्होंने यात्रियों से नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लूटा। उन्होंने कुछ महिलाओं और बच्चों पर भी हमला किया।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
