-
मुख्यमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने जताया शोक

भुवनेश्वर। जगतसिंहपुर के पूर्व सांसद तथा विशिष्ट शिक्षाविद त्रिलोचन कानूनगो नहीं रहे। भुवनेश्वर में एक निजी अस्पताल में आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 83 साल के थे। उनके निधन से पूरे राज्य में शोक व्याप्त है तथा गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
कटक जिले के बड़मुलेई गांव में 1940 में जन्मे त्रिलोचन कानूनगो तीन बार विधायक भी रहे। वह साल 1999 में बीजू जनता दल के टिकट से जगतसिंहपुर लोकसभा सीट से सांसद थे। कटक नगरपालिका में चेयरमैन के रुप भी उन्होंने जिम्मेदारी संभाली थी। वह राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष भी रहे।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वरिष्ठ राजनेता तथा पूर्व सांसद त्रिलोचन कानूनगो के निधन के समाचार सुनकर दुःखी हूं। जनसेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किये गये कार्य हमेशा स्मरणीय रहेंगे। उनकी अमर आत्मा की सद्गति की कामना करने के साथ-साथ शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
पूर्व सांसद त्रिलोचन कानूनगो के निधन पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ओडिशा के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद त्रिलोचन कानूनगो के निधन पर मैं दुःखी हूं। लोगों के लिए उनके द्वारा किये गये जनकल्याणकारी कार्य हमेशा स्मरणीय रहेगा। अर्थशास्त्री के रुप में उनका विशेष पहचान थी। उनकी अमर आत्मा की सद्गति की कामना करने के साथ-साथ शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
