भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने लुप्तप्राय ओलिव रिडले समुद्री कछुओं के संरक्षण के लिए तीन प्रमुख नदी मुहाने धामरा, देवी और रुशिकुल्या में 20 किलोमीटर की दूरी पर मछली पकड़ने की गतिविधियों पर सात महीने का प्रतिबंध लगा दिया है।
मत्स्य निदेशालय ने इसे लेकर एक आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि समुद्री कछुओं के संरक्षण के लिए निर्दिष्ट तट से 20 किलोमीटर की दूरी पर मोटर चालित जहाजों, ट्रॉलरों और मशीनीकृत मछली पकड़ने की तकनीक का उपयोग करने वालों द्वारा मछली पकड़ना प्रतिबंधित है। एक नवंबर से 31 मई 2022 की अवधि के दौरान यह प्रतिबंध लागू होगा। इस निर्देश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
मत्स्य निदेशालय के उप निदेशक (समुद्री)-सह-निर्णायक अधिकारी बसंत कुमार दाश को समुद्री कछुए के संरक्षण के लिए मछली पकड़ने पर प्रतिबंध के दौरान उपरोक्त गतिविधियों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी घोषित किया गया है। इस नियम का पालन सुनिश्चित करने के लिए वन और समुद्री पुलिस अधिकारियों को शामिल करके समय-समय पर जागरूकता शिविर आयोजित किया जायेगा।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
