Home / National / लोजपा सांसद प्रिंस राज की अग्रिम जमानत याचिका पर 21 को आएगा फैसला

लोजपा सांसद प्रिंस राज की अग्रिम जमानत याचिका पर 21 को आएगा फैसला

नई दिल्ली, दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद प्रिंस राज की रेप के आरोप में दर्ज एफआईआर के मामले में दायर अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला टाल दिया है। आज कोर्ट को अग्रिम जमानत याचिका पर फैसला सुनाना था। स्पेशल जज एमके नागपाल ने इस पर कल यानी 21 सितंबर को फैसला सुनाने का आदेश दिया।

कोर्ट ने 17 सितंबर को फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रिंस राज की जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा था कि आरोपित की हिरासत में लेकर पूछताछ जरूरी है। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि प्रिंस राज को हिरासत में लेकर पूछताछ जरूरी है, क्योंकि जो वीडियो है, उसमें आपत्तिजनक कंटेंट है। शिकायतकर्ता के मुताबिक ये वीडियो आरोपित के कब्जे में है। प्रिंस राज की ओर से वकील विकास पाहवा ने कहा था कि शिकायतकर्ता ने फर्जी केस दर्ज कराया है। वह आरोपित से पैसे ऐंठना चाहती है। उसका कोई रेप नहीं हुआ है।

उल्लेखनीय है कि महिला ने प्रिंस राज के खिलाफ यौन प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। जून महीने में महिला ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की थी। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्रिंस राज ने नशीली ड्रिंक पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गई। महिला के मुताबिक बेहोशी की हालत में प्रिंस राज ने उसके साथ यौन संबंध बनाया और उससे शादी का वादा किया। महिला की शिकायत पर कोर्ट ने प्रिंस राज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। उसके बाद पिछली 9 सितंबर को दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

प्रिंस राज ने भी 10 फरवरी को महिला और उसकी मित्र के खिलाफ रेप केस में फंसाने की धमकी देने की शिकायत की थी। प्रिंस राज की शिकायत पर दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में फिरौती मांगने और फिरौती वसूलने के लिए धमकाने का आरोप लगाया गया है। प्रिंस राज की शिकायत में कहा गया है कि पिछले साल वह एक महिला से मिले थे, जिसने अपने आपको राजनीतिक कार्यकर्ता बताया था। दोनों ने अपना फोन नंबर एक-दूसरे को दिया और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। प्रिंस राज के मुताबिक 18 जून, 2020 को महिला ने उन्हें अपने घर बुलाया और दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। प्रिंस राज महिला के घर कई बार जा चुके हैं।
प्रिंस राज ने अपनी शिकायत में कहा था कि कुछ महीनों के बाद उन्हें पता चला कि महिला किसी पुरुष के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उन्होंने महिला से इसके बारे में पूछा था। अगस्त 2020 से प्रिंस राज महिला को नजरअंदाज करने लगा और उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। एक दिन महिला के मित्र ने महिला के फोन से बात की और धमकी दी कि वह आपत्तिजनक वीडियो लीक कर देगा। प्रिंस राज की शिकायत के मुताबिक महिला के मित्र ने आपत्तिजनक वीडियो लीक नहीं करने के एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की। प्रिंस राज ने उन्हें दो लाख रुपये भी दिये लेकिन उसके बावजूद महिला और उसके मित्र ने एक करोड़ रुपये की मांग जारी रखी। उसके बाद प्रिंस राज ने पिछली 9 फरवरी को दिल्ली पुलिस से शिकायत की।
साभार-हिस

Share this news

About desk

Check Also

सहारनपुर में लाखों के गहनों की लूटपाट, पुलिस ने की जांच, तो सभी रह गए दंग

सहारनपुर जिले में लाखों रुपये के गहनों की लूटपाट का मामला सामने आया है। सराफा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *