Home / Odisha / 4 जून बीजद की एक्सपायरी डेट, छह को भाजपा का मुख्यमंत्री होगा घोषित – मोदी

4 जून बीजद की एक्सपायरी डेट, छह को भाजपा का मुख्यमंत्री होगा घोषित – मोदी

  • 10 जून को भुवनेश्वर में भाजपा का मुख्यमंत्री लेगा शपथ

  •  प्रधानमंत्री ने ब्रह्मपुर और नवरंगपुर के लोगों को शपथ समारोह में किया आमंत्रित

  • नरेंद्र मोदी ने ब्रह्मपुर और नवरंगपुर में आयोजित विशाल जनसभाओं में को किया संबोधित

ब्रह्मपुर/नवरंगपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सोमवार को ऐलान किया कि आम चुनाव के बाद ओडिशा में भी भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि 4 जून पर यहां की बीजद सरकार की एक्सपायरी डेट लिखी हुई है। आज 6 मई है तथा ठीक एक महीने बाद  6 जून को भाजपा के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तय होगा। 10 जून को भुवनेश्वर में भाजपा के मुख्यमंत्री का शपथ समारोह होगा और मैं आज सबको भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह के लिए निमंत्रण देने आया हूं।

ब्रह्मपुर व नवरंगपुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ये बातें कहीं।

ऐसा होगा भाजपा का मुख्यमंत्री…

उन्होंने कहा कि जो ओडिशा की मिट्टी, यहां की संस्कृति को अपने सिर माथे लगाकर चलेगा, उसे ही भाजपा अपना पहला मुख्यमंत्री बनाएगी। जो यहां की समस्या जानता हो, जो यहां के समाधान जानता हो, जो जनता से जुड़ा हो, भाजपा ऐसा सीएम देगी, ये मोदी की गारंटी है।

नवीन पटनायक पर किया सीधा हमला
बीजद अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य को एक ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है, जो उड़िया भाषा और संस्कृति को समझता हो।  ओडिया भाषा पर पटनायक की कथित कमजोर पकड़ का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा, “उड़िया भाषा की संस्कृति और परंपरा में जीने और समझने वाला और गर्व करने वाला व्यक्ति ही ओडिशा की समस्याओं को तेज गति से हल करने में मदद कर सकता है।

आपके एक वोट से बना श्रीराम मंदिर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा आज हमारे रामलला भव्य राम मंदिर में विराजमान हैं। प्रभु श्री रामलला का भव्य मंदिर 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आपके द्वारा भाजपा को दिए गए एक वोट के कारण संभव हुआ है।

मतदान की तुलना यज्ञ से

मोदी ने मतदान की तुलना यज्ञ से करते हुए कहा कि ओडिशा में इस बार 2 यज्ञ एकसाथ हो रहे हैं। एक यज्ञ देश में हिंदुस्तान के लिए मजबूत सरकार बनाने के लिए है और दूसरा यज्ञ ओडिशा में भाजपा के नेतृत्व वाली मजबूत राज्य सरकार बनाने का है। जनता के जोश और उत्साह में एक ही भावना दिख रही है ओडिशा में पहली बार डबल इंजन सरकार।

विजनरी है ओडिशा भाजपा का संकल्प पत्र

ओडिशा भाजपा ने यहां की आकांक्षाओं, युवाओं के सपनों और बहनों-बेटियों के सामर्थ्य को ध्यान में रखते हुए बहुत ही विजनरी संकल्प पत्र जारी किया है। इस संकल्प पत्र में युवाओं, महिलाओं के लिए रोजगार भी है, बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य, महान संस्कृति के लिए पर्यटन विकास तथा धान और तेंदूपत्ता के लिए बहुत बड़ी घोषणाएं की गयी हैं एवं जनता जानती है कि भाजपा जो कहती है वो करके दिखती है। यहां सरकार बने के बाद भाजपा पूरी शक्ति से इन घोषणाओं को पूरा करेगी और यह मोदी की गारंटी है।

बीजद अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैं

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में बीजद अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैं, क्योंकि सिर्फ भाजपा उम्मीदों का नया सूरज बनकर आई है। ओडिशा में करीब 50 वर्ष तक कांग्रेस और करीब 25 वर्ष तक बीजद की सरकार रही, लेकिन ओडिशा का विकास नहीं हुआ। ओडिशा में उपजाऊ भूमि, खनिज संसाधन, समुद्री तट, बरहमपुर जैसा व्यापार केंद्र, संस्कृति और विरासत सहित सब कुछ है, फिर भी इस ‘अमीर’ ओडिशा के लोग गरीब ही बने रहे। इस पाप के लिए कांग्रेस और बीजद जिम्मेदार हैं।

बीजद के छोटे-छोटे नेता भी बड़े-बड़े बंगलों के मालिक

मोदी ने भ्रष्टाचार को लेकर कहा कि ओडिशा में बीजद के छोटे-छोटे नेता भी बड़े-बड़े बंगलों के मालिक हो गए हैं। आखिर क्यों मुख्यमंत्री के इस क्षेत्र से सबसे ज्यादा श्रमिक काम करते हैं, यहां डॉक्टरों की कई सीटें खाली रह गई हैं, छात्र अपने शैक्षिक पाठ्यक्रम समाप्त नहीं कर रहे हैं। जब मोदी ने ओडिशा के विकास के लिए पर्याप्त और उचित धन मुहैया करा रहे हैं, तो फिर ऐसा क्यों हुआ?

10 वर्षों में 3.5 लाख करोड़ रुपये दिया

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीए सरकार ने अपने 10 वर्षों में ओडिशा को मात्र 1 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए थे, वहीं मोदी सरकार ने अपने 10 वर्षों में ओडिशा को 3.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा आवंटित किए हैं, लेकिन दिल्ली से भेजे गए पैसे का हितकारी उपयोग होने के लिए प्रदेश में अच्छी सरकार भी तो होनी चाहिए। ओडिशा की बीजद सरकार या तो केन्द्र की योजनाओं को लागू नहीं करती या उन पर अपना स्टिकर लगा देती है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने ओडिशा को जल जीवन मिशन के तहत 10 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए, लेकिन बीजद सरकार उस राशि का सदुपयोग ही नहीं कर पाई। मोदी गांव में सड़कें बनाने के लिए पैसा भेजता है, लेकिन ओडिशा के गांवों में सड़कों की हालत खराब है, मोदी नि:शुल्क चावल के लिए धनराशि भेजता है, लेकिन बीजद सरकार इस योजना को भी अपनी बता देती है।

बीजद सरकार ने कुछ किया ही नहीं

मोदी ने कहा कि चूंकि बीजद सरकार ने कुछ किया ही नहीं है, इसलिए उन्हें ये बेईमानी करनी पड़ती है। मोदी ने पूरे देश में 6 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपये तक के प्रतिवर्ष नि:शुल्क इलाज की गारंटी दी है, लेकिन ओडिशा की जनता को इस योजना का लाभ नहीं मिला, राज्य की बीजद सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को ओडिशा में लागू ही नहीं होने दिया।

10 को शपथ ग्रहण के दिन से ही मिलेगा आयुष्मान भारत का लाभ

प्रधानमंत्री ने गारंटी दी कि 10 जून को भुवनेश्वर में जैसे ही मोदी का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, उसी दिन ओडिशा के सभी लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और 70 वर्ष के अधिक आयु के हर वर्ग के बुजुर्ग को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाया जाएगा। ओडिशा की बीजद सरकार को महिलाओं के हितों की कोई परवाह नहीं है।

गर्भवती महिला को 6 हजार की आर्थिक सहायता

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार हर गर्भवती महिला को 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है, लेकिन बीजद सरकार ने ओडिशा में ये योजना भी लागू नहीं होने दी। ओडिशा की कोई मां बीजद को माफ नहीं कर सकती।

आदिवासी कल्याण का बजट 5 गुना बढ़ाया

मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में मोदी ने आदिवासी कल्याण का बजट 5 गुना बढ़ाया, आदिवासी क्षेत्र में एकलव्य आवासीय विद्यालय की संख्या 400 पहुंचाई, वन धन केंद्र योजना लागू की, एससी और एसटी आरक्षण 10 वर्ष आगे बढ़ाया और 7 प्रतिशत मंत्री एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय से बनाए हैं। 40 वर्ष पहले राजीव गांधी ने कहा था कि मैं दिल्ली से एक रुपया भेजता हूं, गरीब तक सिर्फ 15 पैसा पहुंचता है। यानी 100 में से 85 पैसा कांग्रेस का पंजा लूट लेता था। आपने इस गरीब मां के बेटे को मौका दिया, तब मैंने कहा मैं एक रुपया भेजूंगा और एक पाई भी किसी को खाने नहीं दूंगा और जो खाएगा वो जेल की रोटी चबाएगा।

झारखंड में नोटों के पहाड़ मिल रहे

मोदी ने कहा क झारखंड में नोटों के पहाड़ मिल रहे है और जब इन भ्रष्टाचारियों के ऊपर कार्रवाई हो रही है तो ये लोग मोदी का गाली दे रहे हैं। जनता का पैसा सुरक्षित रखने के लिए जन धन खाता, आधार और मोबाइल की त्रिशक्ति बनाई जिससे गरीबों का पैसा लुटना बंद हो गया।

Share this news

About desk

Check Also

BHAJANLAL SHARMA

ओडिशा के 6 हजार 412 गांवों तक सड़कें नहीं – भजनलाल शर्मा

कहा-नवीन पटनायक ने ओडिशा को 50 साल पीछे धकेला भुवनेश्वर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *