Home / Odisha / ऑलिव रिडले कछुओं को बचाने वाले गश्ती दल पर हमला

ऑलिव रिडले कछुओं को बचाने वाले गश्ती दल पर हमला

  • अवैध रूप से मछली पकड़ रहे ट्रॉलर पर सवार लोगों ने बनाया निशाना

  • ओडिशा के गहिरमाथा में घूम रही थी कछुआ गश्ती नौका

केंद्रापड़ा। ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में प्रतिबंधित समुद्री जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे ट्रॉलर पर सवार लोगों ने वन विभाग की कछुआ गश्ती नौका पर हमला कर दिया। ऑलिव रिडले कछुआ संरक्षण कार्यक्रम के तहत ओडिशा सरकार ने एक नवंबर से महानदी, देवी और रुशिकुल्या नदी में 20 किमी के दायरे में समुद्री मछली पकड़ने पर सात महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मछली पकड़ने वाले 12 ट्रॉलरों पर सवार लोगों ने एक साथ मिलकर हमला किया था। यह ट्रॉलर गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य में प्रतिबंधित समुद्री जल में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे। यह घटना सोमवार को हुई थी। भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के सहायक वन संरक्षक मनस्क कुमार दाश ने कहा कि हुकिटोला तट पर राज्य वन विभाग द्वारा तैनात की गई गश्ती नौका पर मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों में सवार लोगों ने हमला किया। वन विभाग की गश्ती नौका कछुआ संरक्षण अभियान में लगी थी। उस दौरान 12 ट्रॉलरों के एक बेड़े ने गश्ती नौका का पीछा किया।

दाश ने कहा कि अचानक मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों ने गश्ती नौका को टक्कर मारी। वे गश्ती नौका को पलटना चाहते थे। ट्रॉलरों के ऐसा करने पर भी गश्त कर रहे दल ने आत्मरक्षा में गोली नहीं चलाई। उन्होंने बताया कि गश्ती नौका में सवार अधिकारियों ने इस बारे में वॉकी-टॉकी सेट के माध्यम से अपने कार्यालय को सूचित किया, जिसके बाद उनकी मदद के लिए वहां दो अन्य वन नौकाएं पहुंचीं। फिर घुसपैठिये पीछे हट गये।

पिछले महीने गहिरमाथा में हुआ था हमला

अधिकारी ने कहा कि मछली पकड़ने वाली नौकाओं ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, उड़ीसा समुद्री मत्स्य विनियमन अधिनियम और समुद्री अभयारण्य के अनिवार्य नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित अभयारण्य क्षेत्र में अतिक्रमण किया था। वन अधिकारी ने कहा कि गहिरमाथा जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों ने पिछले महीने भी वन गश्ती नौकाओं पर इसी तरह के हमले किए थे और इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

Share this news

About desk

Check Also

BHAJANLAL SHARMA

ओडिशा के 6 हजार 412 गांवों तक सड़कें नहीं – भजनलाल शर्मा

कहा-नवीन पटनायक ने ओडिशा को 50 साल पीछे धकेला भुवनेश्वर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *