Home / National / बिहार में भड़की हिंसा में अबतक 112 गिरफ्तार, पांच जिले चपेट में

बिहार में भड़की हिंसा में अबतक 112 गिरफ्तार, पांच जिले चपेट में

  • गृहमंत्री ने की राज्यपाल से बातचीत

  • हिंसा प्रभावित जिलों में केंद्रीय बल की 10 कंपनियां तैनात

पटना, बिहार में रामनवमी के दिन रोहतास जिले के सासाराम और नवादा जिले के बिहारशरीफ में भड़की हिंसा की आग में बिहार अभी तक दहक रहा है। यह आग राज्य के तीन अन्य जिलों में भी पहुंच चुकी है। मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में भी हिंसा के समाचार हैं। बिहार हिंसा में अभी तक 112 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसमें हिंसा प्रभावित सासाराम से 32 और बिहारशरीफ से 80 लोग पकड़े गए हैं। इस मामले को लेकर रविवार शाम पांच बजे मुख्य सचिव और डीजीपी की पत्रकार वार्ता भी होने वाली है।
शनिवार की रात सासाराम और बिहार शरीफ में फिर से भड़की हिंसा में 9 लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें से कुछ लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। शेरगंज इलाके में एक धार्मिक स्थल के बाहर बम फेंका गया, तो वहीं नालंदा में भी गोलीबारी और बमबाजी की घटना को अंजाम दिया है। इसमें एक की मौत हो गई है।
सासाराम और बिहारशरीफ में माहौल बिगड़ने पर प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी। धारा 144 लागू है। यहां इंटरनेट की सेवा भी बंद कर दी गयी है। लोगों से अपील की गयी है कि वे अपने-अपने घरों में ही रहें और किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसपी और डीएम खुद दलबल के साथ कैंप कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा के बारे में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से फोन पर बात की। बिहार में केंद्रीय अर्धसैनिक बल की 10 कंपनियां प्रभावित जिलों में भेजी गई हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अब हिंदुओं के लिए स्वतंत्र रूप से पूजा-पाठ और जुलूस निकालना मुश्किल हो रहा है। सीएम नीतीश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए।
भागलपुर में शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प

भागलपुर के नवगछिया के खरिक थाना क्षेत्र में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में झड़प हो गई। मारपीट में एक पक्ष की महिला गंभीर रूप से घायल है। एसडीओ उत्तम कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद
मुंगेर के गढ़ीरामपुर में शनिवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हो गया। शरारती तत्वों ने पत्थरबाजी की। इस पर स्थानीय और विसर्जन करने जा रहे लोगों में पथराव हुआ। पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई है। कई लोग जख्मी हुए। दो गांव में तनाव को देखते हुए एसडीएम, डीएसपी सहित कई थानों की टीम मौके पर पहुंची थी।
मुजफ्फरपुर में दो गुटों में मारपीट
मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रामपुर बखरी गांव में देर रात दो गुटों में मारपीट, पत्थरबाजी और आगजनी के बाद प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती हुई है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति करवाया और शांति समिति की बैठक की।
मामले में एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। साथ ही कहा कि किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। डीएसपी पूर्वी मनोज पांडे ने बताया कि प्रशासन ने लोगों के सहयोग से माहौल को नियंत्रित कर लिया है। कुछ असामाजिक किस्म के लोग स्थिति को कोई और रूप देने के फिराक में थे, उन्हें चिन्हित भी किया जा रहा है। किसी तरह की अफवाह में पढ़ने की जरूरत नहीं है। प्रशासन की टीम उपद्रवी तत्वों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई करेगी।
साभार -हिस

Share this news

About desk

Check Also

मुंबई के अस्पताल में जच्चा बच्चा की मौत पर एनसीडब्ल्यू ने महाराष्ट्र सरकार से मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली। मुंबई के एक अस्पताल में कथित तौर पर बिजली गुल होने पर टार्च …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *