Home / Sports / हॉकी इंडिया ने 300 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर गोलकीपर पीआर श्रीजेश को दी बधाई

हॉकी इंडिया ने 300 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर गोलकीपर पीआर श्रीजेश को दी बधाई

चेन्नई। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश को उनके 300वें अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए बधाई दी है। केरल के किझाक्कमबलम के रहने वाले गोलकीपर ने चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में जापान के खिलाफ हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के भारत के सेमीफाइनल मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। श्रीजेश के लिए यह मैच इसलिए भी यादगार हो गया, क्योंकि यह मैच भारतीय टीम ने 5-0 से जीतकर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

भारत मौजूदा हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में अब तक अजेय रहा है, उसने अपना पहला मैच चीन के खिलाफ 7-2 से जीता, अपने दूसरे मैच में जापान के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला, मलेशिया को 5-0 से हराया, दक्षिण कोरिया के खिलाफ 3-2 से जीत हासिल की और फिर चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-0 से हराया। श्रीजेश, जिन्होंने अब तक सभी पांच मैंचों में भाग लिया है, ने टूर्नामेंट के दौरान गोलपोस्ट की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

34 वर्षीय गोलकीपर मौजूदा भारतीय टीम में सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक है। श्रीजेश ने प्रतिष्ठित एफआईएच हॉकी विश्व कप में चार बार भाग लिया है। श्रीजेश ने नई दिल्ली में 2010 विश्व कप में भारत के लिए पदार्पण किया और तब से वह टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं।

उन्होंने 2010, 2014, 2018 और 2023 हॉकी पुरुष विश्व कप, 2014, 2018 और 2022 में राष्ट्रमंडल खेल, तीन ओलंपिक- लंदन 2012, रियो 2016 और टोक्यो 2020 (टोक्यो में भारत ने कांस्य पदक जीता था) सहित लगभग सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में देश का प्रतिनिधित्व किया।

श्रीजेश को 2021 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया था और वह वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर 2021 जीतने वाले भारत के केवल दूसरे खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2021 और 2022 में लगातार एफआईएच गोलकीपर ऑफ द ईयर पुरस्कार भी जीते हैं। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 से पहले, श्रीजेश भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा थे, जो 100वीं वर्षगांठ स्पेनिश हॉकी फेडरेशन-अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलने के लिए स्पेन गई थी।

अपनी उपलब्धि पर श्रीजेश ने कहा, “मुझे दो दशकों से अधिक समय तक भारत का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है और मेरी 300वीं अंतरराष्ट्रीय कैप अर्जित करना वास्तव में मेरे लिए एक विशेष स्मृति है। जब भी मुझे भारतीय जर्सी पहनने का मौका मिलेगा मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा। मैं हॉकी इंडिया, अपने साथियों और सहयोगी स्टाफ को वर्षों से उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।”

 

पीआर श्रीजेश को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “मैं पीआर श्रीजेश को इस बड़ी उपलब्धि तक पहुंचने के लिए बधाई देता हूं। किसी भी खिलाड़ी के लिए 300वीं बार भारतीय जर्सी पहनना खास और यादगार है। श्रीजेश प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं और उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कुछ उल्लेखनीय प्रदर्शनों से अपनी योग्यता साबित की है। मुझे यकीन है कि वह देश को गौरवान्वित करते रहेंगे और आगे चलकर अपने नाम में और भी सम्मान जोड़ेंगे।”

Share this news

About admin

Check Also

‘Mujhse galti hui thi aur…’: Akmal reveals conversation with Harbhajan

Former Pakistani cricketer Kamran Akmal recently addressed his controversial comment about Sikhs made during the …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *