-
अगले दो दिनों में और गिरेगा तापमान
-
कई जिलों में छाई हल्की धुंध
भुवनेश्वर। ओडिशा में सर्दी ने दस्तक दे दी है। राज्य के कई इलाकों में बुधवार को रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कंधमाल जिले के जी उदयगिरि में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। वहीं, फुलबाणी 12.5 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
दरिंगबाड़ी में पारा 14 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि झारसुगुड़ा (14.5 डिग्री सेल्सियस) और भुवनेश्वर (17 डिग्री सेल्सियस) में सामान्य से क्रमशः 4.3 डिग्री सेल्सियस और 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। कटक में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5डिग्री सेल्सियस कम था।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर ओडिशा के कुछ हिस्सों में तापमान में लगभग 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि राज्य के अन्य इलाकों में भी 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है।
कोरापुट में घना कोहरा और सुंदरगढ़ में हल्की धुंध देखने को मिली। राज्य में शुष्क मौसम बने रहने के कारण अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 नवंबर तक फुलबाणी का तापमान 11 डिग्री तक पहुंच सकता है। कोरापुट जिले में खासकर नारायणपाटना, लक्ष्मीपुर और सेमिलिगुड़ा जैसे पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने लगा है। नारायणपटना के स्थानीय लोगों ने बताया कि चक्रवात ‘मॉनथा’ के बाद पिछले दो दिनों से मौसम ठंडा हो गया है। सुबह जंगल और पहाड़ कोहरे और ओस से ढके रहते हैं।
किसानों ने चिंता जताई
हालांकि किसानों ने चिंता जताई है कि अगर तापमान बहुत जल्दी गिरा, तो इससे खड़ी फसलों पर असर पड़ सकता है। बावजूद इसके, लोगों के बीच सर्द मौसम की यह पहली अनुभूति खुशी और राहत लेकर आई है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
