-
श्रद्धालुओं ने तैराई दीपों से सजी नावें
-
गूंजे मंगल गीत
भुवनेश्वर। ओडिशा भर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्ति और उत्सव का माहौल छाया रहा। श्रद्धालुओं ने सुबह-सुबह नदियों, तालाबों और सरोवरों के तट पर एकत्र होकर पारंपरिक ‘बोइत बंदाण’ अनुष्ठान में भाग लिया। केले की छाल से बनी छोटी नावों और अन्य नावों को दीयों, धूप, पान, सुपारी और पुष्पों से सजाकर जल में प्रवाहित किया गया। यह ओडिशा की प्राचीन समुद्री परंपरा को श्रद्धांजलि देने की प्रतीकात्मक रस्म है।
राज्यभर में पारंपरिक मंगल गीतों की गूंज सुनाई दी। पुरी समुद्र तट, चंद्रभागा तट, भुवनेश्वर के बिंदुसागर सरोवर और कटक के गड़गड़िया घाट जैसे प्रमुख स्थलों पर हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए और पवित्र स्नान के बाद पारंपरिक पूजा-अर्चना की।
गौरवशाली समुद्री विरासत को समर्पित है दिवस
किंवदंती है कि प्राचीन काल में ओड़िया नाविक इस दिन समुद्र मार्ग से जावा, सुमात्रा और बाली जैसे द्वीपों तक व्यापारिक यात्राएं आरंभ करते थे। उनकी पत्नियां उनकी सुरक्षित यात्रा और समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें विदा करती थीं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन नावों को प्रवाहित करने की यह परंपरा उन्हीं की याद में निभाई जाती है। यह ओडिशा की गौरवशाली समुद्री संस्कृति और वैश्विक व्यापारिक इतिहास का प्रतीक है।
पवित्र कार्तिक माह का समापन
कार्तिक पूर्णिमा के साथ कार्तिक मास का समापन होता है, जिसे ओड़िया पंचांग का सबसे पवित्र महीना माना गया है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन बोइत बंदाण अनुष्ठान करने से सौभाग्य, शांति और आध्यात्मिक पुण्य की प्राप्ति होती है। भक्ति और सांस्कृतिक गर्व से ओतप्रोत इस अवसर पर ओडिशा के लोगों ने एकजुट होकर परंपरा और आस्था का भव्य उत्सव मनाया।
राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरी बाबू कंभमपाटी ने ट्वीट कर कहा कि पवित्र कार्तिक पूर्णिमा और बोइत बंदाना पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह उत्सव ओडिशा की कला, वाणिज्य और संस्कृति की अनूठी पहचान है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और केंद्रापाड़ा सांसद बैजयंत पंडा ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का यह दिन हमारी महान संस्कृति, गौरवशाली विरासत और समुद्री परंपरा का प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से सबके जीवन में समृद्धि आए।
केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भी ट्वीट कर लिखा कि पवित्र कार्तिक पूर्णिमा और बोइत बंदाना के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
