-
मयूरभंज को मिला शीर्ष जिला पुरस्कार
-
केंदुझर जिले को धरती आबा जनभागीदारी अभियान में प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया
भुवनेश्वर। आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत ओडिशा को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य का राष्ट्रीय सम्मान मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समारोह में ओडिशा के अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति विकास, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव बी. परमेश्वरन को प्रदान किया।
इसी श्रेणी में मयूरभंज जिले को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला घोषित किया गया, जिसके लिए जिला कलेक्टर हेमकांत साय को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं, केंदुझर जिले को धरती आबा जनभागीदारी अभियान में ‘प्रशस्ति पत्र’ से नवाजा गया।
राज्य के अधिकारियों को भी व्यक्तिगत सम्मान
कोरापुट के अतिरिक्त जिला कल्याण अधिकारी राकेश रंजन बिस्वाल को ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य मास्टर ट्रेनर’ के रूप में तथा कलाहांडी के संजीव माझी को ‘सर्वश्रेष्ठ आदि साथी’ के रूप में सम्मानित किया गया।
आदिवासी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम
आदि कर्मयोगी अभियान का उद्देश्य प्रत्येक जनजातीय गांव को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत राज्यभर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर 5,500 ग्राम कार्य योजनाओं को स्वीकृति दी गई।
राज्य की प्रतिबद्धता को मिली राष्ट्रीय मान्यता
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने ‘एक्स’ पर कहा कि यह सम्मान ओडिशा सरकार की जनजातीय कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। राज्य सरकार सहभागितापूर्ण शासन को मजबूत करने और विकास के लाभ हर गांव एवं हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
