-
उपचुनाव को लेकर दोनों प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
-
जय ढोलकिया का नामांकन दाखिल करने के साथ शुरू हुआ राजनीतिक संग्राम
नुआपड़ा। ओडिशा की राजनीति का केंद्र बने नुआपड़ा उपचुनाव में शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों ने समर्थकों के विशाल जुलूस के बीच नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरम हो गया है।
शनिवार को भाजपा उम्मीदवार जय ढोलकिया ने पार्टी के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए एक विशाल रैली निकाली, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। जय ढोलकिया के नामांकन से पहले शहर में पूरे जोश और नारेबाजी के बीच भाजपा का झंडा लहराया गया।
राज्य भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि नुआपड़ा की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार भाजपा को जीत दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नुआपड़ा का सर्वांगीण विकास भाजपा का लक्ष्य है। दोहरे इंजन की सरकार इस क्षेत्र के विकास की रफ्तार को तेज करेगी। बेरोजगारी, पलायन, सिंचाई, कृषि आधारित उद्योग, मत्स्य पालन और पर्यटन जैसे मुद्दों पर व्यापक योजना बनाई जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि जिले के लोग साल में आठ महीने मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं, इसलिए भाजपा की सरकार यहां स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने और औद्योगिक निवेश लाने पर काम करेगी।
सामल ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां
राज्य भाजपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा शासन में अब तक 17 लाख करोड़ रुपये का निवेश ओडिशा में आया है। उन्होंने कहा कि हमने किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में काम किया है। भाजपा विकास का पर्याय है। जनता परिवर्तन चाहती है और भाजपा ही विकास की गारंटी दे सकती है।
कांग्रेस ने भी दिखाया दम
दूसरी ओर, कांग्रेस उम्मीदवार घासीराम माझी ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त दास, वरिष्ठ नेता सुरेश राउतराय और कई विधायक मौजूद थे। कांग्रेस ने भी नुआपड़ा में शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने संगठनात्मक बल का प्रदर्शन किया।
पीसीसी अध्यक्ष भक्त दास ने कहा कि भाजपा पहले बीजद की मदद करती थी, अब बीजद भाजपा की मदद कर रही है। दोनों एक ही हैं और कांग्रेस के खिलाफ लड़ रहे हैं। जनता अब सब समझ चुकी है। कांग्रेस नंबर 1 की स्थिति में है, बाकी दोनों पार्टियां नंबर 2 की।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 15 अक्टूबर को घासीराम के नामांकन दाखिल करने की सूचना प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर दी थी, लेकिन उसी दिन रात के समय फिर कांग्रेस मीडिया सेल ने सूचना दी कि घासीराम फिर 18 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि यह घटनाक्रम कैसे हुई। नुआपड़ा उपचुनाव में अब मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और बीजद के बीच त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है।
जहां भाजपा विकास और दोहरे इंजन की सरकार का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस शासन में बदलाव का आह्वान कर रही है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
