-
2080 नए पदों का सृजन
-
प्रत्येक बटालियन में होंगे 1040 पद
-
वर्तमान में ओआईएसएफ में कुल 4 बटालियन हुईं
-
पदों की कुल संख्या 4927
भुवनेश्वर। राज्य में ‘ओडिशा इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स’ की दो और नई बटालियन का गठन किया जाएगा। इस संबंध में प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंजूरी दे दी है। इन दो नई बटालियनों के लिए कुल 2080 पदों का सृजन किया गया है, जिनमें 1944 नियमित पद होंगे, जबकि 136 पदों की नियुक्ति आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा य़ह जानकारी दी गई है।
राज्य में अब तक ओआईएसएफ की एक बटालियन कार्यरत थी, जिसमें कुल 1807 पद थे। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष अप्रैल महीने में एक नई बटालियन के गठन को स्वीकृति दी थी, जिससे अब तक दो बटालियन कार्यरत थीं और इन दोनों में कुल 2847 पद सृजित किए गए थे। अब तीसरी और चौथी बटालियन के गठन के बाद ओआईएसएफ में कुल पदों की संख्या बढ़कर 4927 हो गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास पर विशेष जोर दे रही है और लगातार आवश्यक कदम उठा रही है। नए-नए उद्योगों की स्थापना से आगामी दिनों में इस क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं उत्पन्न हो रही हैं। ‘उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा 2025’ के आयोजन के बाद राज्य में औद्योगीकरण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा को आवश्यक माना गया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री माझी ने दो और नई बटालियनों के गठन को स्वीकृति प्रदान की है।