-
राज्य के गौरव और विकास के लिए अपने संकल्प को दोहराया
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) के सर्वोच्च नेतृत्व पद पर लगातार नौवीं बार निर्विरोध निर्वाचित होकर पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पार्टी के भीतर उनकी लोकप्रियता और नेतृत्व पर अटूट भरोसा कायम है। इस अवसर पर उन्होंने ओडिशा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य के गौरव और विकास के लिए अपने संकल्प को दोहराया।
2024 के विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए पटनायक ने स्पष्ट कहा कि पार्टी ने कुछ सीटें बहुत कम अंतर से हारी और इसका प्रमुख कारण चुनाव प्रचार के दौरान फैलाया गया झूठा नैरेटिव रहा।
उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी दलों ने जनता को भ्रमित करने के लिए गलत जानकारियां फैलाईं, जिससे हमें नुकसान हुआ। हालांकि उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि बीजद भविष्य में ऐसे दुष्प्रचार का मजबूती से जवाब देगी।
नवीन पटनायक ने कहा कि साल 2000 से लेकर 2024 तक ओडिशा की जनता ने हमें लगातार सेवा करने का अवसर दिया है। यह सिर्फ एक राजनीतिक जनादेश नहीं, बल्कि हमारे प्रशासन में जनता के विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने बीजद की चुनावी सफलताओं का श्रेय पार्टी की मजबूत संगठनात्मक संरचना को दिया। बीजद की संगठनात्मक क्षमता को कोई भी कम करके नहीं आंक सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारी ताकत हमारे अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है।
हमारे कार्यकर्ता ही हमारी असली पूंजी
पटनायक ने यह स्पष्ट किया कि सत्ता में रहें या विपक्ष में, बीजद हमेशा जनसेवा के लिए समर्पित रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारे जमीनी कार्यकर्ता ही हमारी असली पूंजी हैं। बीजद का लक्ष्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि ओडिशा की अस्मिता और जनआकांक्षाओं की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि बीजद की राजनीति केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के आत्मसम्मान और समग्र विकास की रक्षा के लिए एक निरंतर आंदोलन है।
ओडिशा के गौरव और हितों के लिए बीजद हमेशा एकजुट रहेगी
पार्टी के मूल दर्शन को दोहराते हुए पटनायक ने कहा कि बीजद हमेशा ओडिशा के गौरव और हितों के लिए खड़ी रहेगी। हमारी यात्रा सरकार बनाने तक सीमित नहीं, बल्कि ओडिशा के आत्मसम्मान को सुरक्षित रखने तक जाती है।
सोशल मीडिया से सीधे जुड़ने की रणनीति
पटनायक ने कहा कि पार्टी अब सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के ज़रिए जनता से सीधे संवाद बढ़ाएगी ताकि झूठे प्रचारों का तत्काल खंडन किया जा सके और जनता तक सच्चाई पहुंचे। हमें संवाद की ताकत को पहचानना होगा और तकनीक के ज़रिए हर घर से जुड़ना होगा, उन्होंने कहा।