-
तैयारियों की समीक्षा उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव ने की
भुवनेश्वर। लोकसेवा भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में उपमुख्यमंत्री और कृषि एवं कृषक सशक्तिकरण तथा ऊर्जा मंत्री कनक वर्धन सिंहदेव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनवरी महीने में आयोजित होने वाले कृषि ओडिशा कार्यक्रम, किसानों के पंजीकरण, किसानों की जानकारी और 2025-26 के कृषि बजट की तैयारियों पर चर्चा की गई।
आगामी कृषि ओडिशा का आयोजन 3 से 5 जनवरी 2025 तक भुवनेश्वर स्थित बरमुण्डा बीजू पटनायक मैदान में भव्य समारोह के रूप में किया जाएगा। इसमें 12 तकनीकी सत्र होंगे, जिनमें प्रत्येक सत्र में 200 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और 250 स्टॉल प्रदर्शित किए जाएंगे। जल संसाधन विभाग की ओर से पानी पंचायत का आयोजन भी कृषि ओडिशा के तहत किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यभर से लगभग 10,000 किसान भाग लेंगे।
इसी तरह, किसान पंजीकरण के लिए पूरे राज्य में कैंप लगाए जाएंगे। किसान इन कैंपों में जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं, स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं या जनसेवा केंद्र की मदद से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रत्येक पंजीकरण के लिए सरकार की ओर से 10 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। इस पंजीकरण के माध्यम से सरकार के पास राज्य के सभी किसानों की विस्तृत और एकीकृत डाटाबेस मौजूद रहेगा, जिसका उपयोग भविष्य में विभिन्न विकासात्मक कार्यों में किया जाएगा।
इसके अलावा, आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कृषि विभाग द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यों के बजट पर भी बैठक में चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख सचिव डॉ अरविंद कुमार पाढ़ी, कृषि निदेशक श्री प्रेमचंद्र चौधरी, उद्यान कृषि निदेशक निखिल पवन कल्याण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।