-
चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर होने की संभावना : आईएमडी
भुवनेश्वर। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 7 दिसंबर की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। यह 8 दिसंबर से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा।
यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को देते हुए बताया कि यह विक्षोभ 7 से 9 दिसंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी तथा 8 दिसंबर को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का कारण बन सकता है।
आईएमडी के अनुसार, तटीय कर्नाटक और पूर्व-मध्य अरब सागर पर बना चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र आज भी उसी स्थान पर बना हुआ है। यह अगले दो दिनों में पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में पूर्व-मध्य अरब सागर की ओर बढ़ सकता है। अगले 24 घंटे तक इसकी तीव्रता बनी रहेगी, लेकिन उसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा।
मौसम विभाग ने उत्तर केरल, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जतायी थी।
अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत तथा महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 2-4 डिग्री तक गिर सकता है।
गुजरात क्षेत्र में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होगी और उसके बाद के तीन दिनों में यह 3-4 डिग्री तक गिर सकता है।
देश के अन्य हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
