Home / Odisha / चक्रवात डाना होगा गंभीर, पुरी और सागर द्वीप के बीच करेगा लैंडफॉल

चक्रवात डाना होगा गंभीर, पुरी और सागर द्वीप के बीच करेगा लैंडफॉल

  • 24 अक्टूबर की रात और 25 अक्टूबर की सुबह तट पर देगा दस्तक

  • 100-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

  • बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र

  • 23 अक्टूबर से ओडिशा में भारी बारिश की संभावना

  • 24-25 अक्टूबर को तेज हवाओं और ऊंची लहरों की चेतावनी

भुवनेश्वर। पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर के समीप एक निम्न दबाव का क्षेत्र गंभीर चक्रवात के रूप में ओडिशा के पुरी और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप के बीच 24 अक्टूबर की रात और 25 अक्टूबर, 2024 की सुबह लैंडफॉल करेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी चक्रवात डाना के संभावित मार्ग के बारे में जानकारी दे दी है। आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में पूर्वी-मध्य क्षेत्र और उत्तर अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह क्षेत्र अब अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में स्थित है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि 24 और 25 अक्टूबर के दिन बेहद महत्वपूर्ण होंगे, जब हवाओं की गति 100 से 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। निम्न दबाव क्षेत्र के एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। उन्होंने समुद्र में ऊंची लहरों की चेतावनी भी जारी की है।

आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर में बने ऊपरी चक्रवाती दबाव के प्रभाव से आज सुबह 05.30 बजे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर के समीप एक निम्न दबाव क्षेत्र का गठन हुआ है। यह निम्न दबाव प्रणाली पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगी और 22 अक्टूबर की सुबह तक डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद, 23 अक्टूबर तक यह एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है।

इसके बाद 24 अक्टूबर की सुबह तक यह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास पहुंचने की संभावना है।

24 से 25 तक सात जिलों के लिए रेड अलर्ट

चक्रवाती तूफान डाना के कारण 24 अक्टूबर और 25 अक्टूबर को ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से लेकर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए 24 अक्टूबर को 08.30 बजे 25 अक्टूबर को सुबह 08.30 बजे तक मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, जाजपुर, कटक जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से लेकर बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश (20 सेमी से अधिक) होने की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

सात जिलों के लिए नारंगी चेतावनी

24 अक्टूबर को 08.30 बजे 25 अक्टूबर को सुबह 08.30 बजे तक जिन जिलों के लिए नारंगी चेतावनी की गई है, उसमें पुरी, गंजाम, खुर्दा, नयागढ़, केंदुझर, अनुगूल, ढेंकानाल जिले शामिल हैं। यहां भारी से लेकर बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) होने की संभावना है।

25 से 26 तक चार जिलों के लिए रेड अलर्ट

25 अक्टूबर को 08.30 बजे से 26 अक्टूबर को सुबह 08.30 बजे तक जिन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी की गयी है, उनमें केंदुझर, भद्रक, बालेश्वर, मयूरभंज जिले शामिल हैं। इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7 से 20 सेमी) और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा (20 सेमी से अधिक) होने की संभावना है।

जिन जिलों के लिए नारंगी चेतावनी की गई है, उसमें जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, कटक, जाजपुर, ढेंकानाल, अनुगूल, देवगढ़, सुंदरगढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7 से 20 सेमी) होने की संभावना है।

सरकार ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की

ओडिशा सरकार ने संभावित चक्रवात डाना के मद्देनजर रविवार को सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) और अतिरिक्त मुख्य सचिव देव रंजन सिंह ने रविवार शाम को स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि संभावित चक्रवात को ध्यान में रखते हुए सभी राज्य सरकार के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी कर्मचारियों को अपने-अपने स्थानों पर तैनात रहने और अगले निर्देश तक अपने कर्तव्यों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

शिक्षण संस्थानों को बंद करने के बारे में पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा कि आगामी चक्रवाती तूफान को देखते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्णय अभी नहीं लिया गया है। हालांकि, जिला कलेक्टर स्थिति को देखते हुए इस पर निर्णय लेने का अधिकार रखते हैं।

Share this news

About desk

Check Also

चक्रवात डाना से निपटने के लिए ओडिशा तैयार : राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी

चक्रवात के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करना सरकार की प्राथमिकता : उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव सभी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *