Home / Odisha / ओडिशा के मुख्यमंत्री का चयन आज, राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक नियुक्त

ओडिशा के मुख्यमंत्री का चयन आज, राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक नियुक्त

  • विधायक दल की बैठक में होगा चयन

भुवनेश्वर। ओडिशा में भाजपा के नये मुख्यमंत्री का चयन कल 11 जून को होगा। भारतीय जनता पार्टी ने दो केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह व भूपेन्द्र यादव को विधायक दल के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के चयन के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय द्वारा एक विज्ञप्ति के जरिये यह जानकारी दी गई है।

ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि भाजपा विधायक दल की बैठक 11 जून को होगी और शपथ ग्रहण समारोह अगले दिन 12 जून को होगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं, तो सामल ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। यह गर्व की बात है कि भाजपा के मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। संसदीय दल द्वारा इस पर उचित निर्णय लिया जाएगा। मुझे जो भी भूमिका सौंपी गई, मैंने उसे सभी को साथ लेकर निभाया।

प्रतीक्षा करें, नाम शीघ्र घोषित होगा

दिल्ली से लौटने के बाद विधायक सुरेश पुजारी ने कहा कि पार्टी के निर्णय की प्रतीक्षा करें। मुख्यमंत्री कौन होगा इस संबंध में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। दिल्ली से लौटने के बाद पुजारी ने पत्रकारों के इस संबंधी सवाल के उत्तर में यह बात कही। पुजारी ने कहा कि पर्यवेक्षक के रुप में राजनाथ सिंह व भूपेन्द्र यादव आ रहे हैं। वे विधायक दल के साथ बैठक कर चर्चा करेंगे और उसके बाद इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

12 जून को शाम 4:45 बजे शपथ ग्रहण

ओडिशा के नए मुख्यमंत्री 12 जून को शाम 4:45 बजे शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भुवनेश्वर पहुंचेंगे और जनता मैदान में आयोजित होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। राज्य के नये मुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए जनता मैदान में व्यापक व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री के साथ-साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा कड़ी

भाजपा के मुख्यमंत्री के भव्य शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भाजपा ने लोकसभा की 21 सीटों में से 20 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है और ओडिशा की 147 विधानसभा सीटों में से 78 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।

ट्विन सिटी पुलिस कमिश्नर संजीव पंडा ने सोमवार को बताया कि सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सटीक जानकारी मिलने के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

पंडा ने कहा कि समारोह स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और हर रोज सैनिटाइज किया जा रहा है। शहर के सभी होटलों की भी जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जून को दोपहर करीब 2:10 बजे भुवनेश्वर पहुंचेंगे और सीधे ओडिशा राजभवन जाएंगे। राजभवन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता मैदान जाएंगे, जहां भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Share this news

About desk

Check Also

रघुवार दास की सादगी नवीन पटनायक की राजनीति पर पड़ी भारी

लगातार व्यक्तिगत हमलों के बावजूद राज्यपाल ने दिखाई सौम्यता राज्यपाल ने नवीन पटनायक को जन्मदिन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *