Home / Odisha / पश्चिम ओडिशा में प्रचंड गर्मी का कहर, 41 की मौत

पश्चिम ओडिशा में प्रचंड गर्मी का कहर, 41 की मौत

  • 60 से अधिक अस्पताल में भर्ती

  • राउरकेला में सबसे अधिक 12 की मौतें, चार सुंदगढ़ में मरे

  • संबलपुर में आठ लोगों की गयी जान

भुवनेश्वर/संबलपुर। प्रचंड गर्मी और बढ़ते पारे ने पश्चिम ओडिशा में भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटों में 41 लोगों की मौत हो गई है और 60 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं।

राउरकेला में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। राउरकेला गवर्नमेंट हॉस्पिटल में गुरुवार को दोपहर 1 बजे से शुरू होकर छह और आधे घंटे के भीतर 10 मौतें हुईं। आठ लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अशुतोष कुलकर्णी के अनुसार, देर रात दो और लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि आरजीएच में 23 मरीजों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है, जबकि 10 को एक उन्नत अस्पताल में रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने भी इन असामान्य मौतों की जांच शुरू कर दी है।

अन्य जिलों में भी लू का कहर

संबलपुर में आठ, सुंदरगढ़ में चार, बलांगीर में छह, झारसुगुड़ा में सात और पश्चिम ओडिशा के अन्य जिलों में तीन लोगों की संदिग्ध लू से मौत होने की खबर है। सुंदरगढ़ के कलेक्टर डॉ पराग हर्षद गवली ने कहा कि इतने लोगों की एक दिन में मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।

60 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती

जानकारी के अनुसार, पश्चिम ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में 60 से अधिक लोग भी अस्पताल में भर्ती हुए हैं। विशेष राहत आयुक्त के कार्यालय ने अब तक पांच सनस्ट्रोक मौतों की पुष्टि की है, बालेश्वर में 1, ढेंकानाल में 1, मयूरभंज में 1, सोनपुर-1 और बलांगीर में 1 शामिल है। हालांकि सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा में कथित तौर पर सनस्ट्रोक से 12 और छह मौतें हुई हैं। मौतों के सटीक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

धूप के समय सतर्क रहें, धूप में काम कराने पर होगी कार्रवाई – एसआरसी

गर्मी के समय सबसे अधिक सतर्क रहने का समय दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक है। इस समय के दौरान यदि हम सतर्क रहते हैं तो हिट वेव से बच सकते हैं। राज्य के विशेष राहत आयुक्त सत्यव्रत साहू ने ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक काम कराना मना है। इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि गुरुवार को सुंदरगढ़ जिले से 12 व झारसुगुडा जिले से 6 मौत होने का शिकायत मिली है। हिट वेव के कारण यह मौंते हुई हैं या फिर किसी अन्य कारण से यह मौतें हुई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

भीषण लू को लेकर नारंगी चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को ओडिशा के विभिन्न भागों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति के लिए नारंगी चेतावनी जारी की। इसके अलावा, राज्य के कुछ जिलों के लिए गर्म और आर्द्र स्थितियों के लिए पीली चेतावनी भी जारी की गई है। आईएमडी ने अगले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न भागों में गरज के साथ बारिश की गतिविधियों की भी भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए नारंगी चेतावनी जारी की है, उसमें झारसुगुड़ा, संबलपुर, बलांगीर, कलाहांडी, सोनपुर, कंधमाल, बौध जिलों में एक या दो स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू और रात में गर्म मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है। बरगढ़, सुंदरगढ़, नुआपड़ा और मालकानगिरि जिलों में एक या दो स्थानों पर लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गयी है।

केन्द्रीय मंत्री ने दुःख व्यक्त किया

राउरकेला मे अनेक लोगों के अस्वाभविक मौत को लेकर केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने दुःख व्यक्त किया है। प्रधान ने ट्वीट कर कहा कि सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला में अनेक लोगों के अस्वाभविक मौत की खबर सुन कर दुःखी व आहत हूं। अमर आत्मा की सद्गति की कामना करने के साथ-साथ परिवार के लोगों को प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। इस दुःखद समय में महाप्रभु परिवार के लोंगों को धैर्य व साहस प्रदान करें। राज्य में भीषण गर्मी के कारण यह मौतें होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। ग्रीष्म प्रवाह से बचने के लिए प्रशासन द्वारा जारी सतर्क सूचनाओं का पालन करने के लिए मैं अनुरोध कर रहा हूं।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में ताड़ के पेड़ काटने पर लगी रोक

काटने से पहले ओडिशा वन विभाग से अनुमति अनिवार्य ताड़ पेड़ काटने की छूट को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *