-
पिपिलि सामूहिक दुष्कर्म, इतिश्री, माधवीलता, स्मिताराणी, ममिता मेहेर, परी जैसे मामले में विफलता का लगाया आरोप
भुवनेश्वर। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। प्रत्येक दिन महिलाओं के प्रति अत्याचार, दुष्कर्म, चोरी, डकैती, राजनीतिक हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अपराधियों को पकड़ने में राज्य की पुलिस विफल हो रही है। अपराध को नियंत्रित करने में भी नवीन सकार पूर्ण रुप से विफल रही है। सत्तारुढ़ पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं के इशारे पर आपराधिक घटनाएं घट रही है और नवीन सरकार की पुलिस इन मामलों पर कार्रवाई करने के बजाए इस पर मिट्टी डाल रही है। पिपिलि सामूहिक दुष्कर्म, इतिश्री, माधवीलता, स्मिताराणी, ममिता मेहेर, परी जैसे मामले में नवीन सरकार पीड़िताओं को न्याय देने में पूर्ण रूप से विफल रही है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता निशिकांत मिश्र ने पार्टी कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में ये बातें कहीं।
मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री के कैबिनेट के स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। यह भारत वर्ष में विरला घटना है। आज तक इसके पीछे के साजिशकर्ता की पहचान करने में मुख्यमंत्री व उनकी पुलिस सफल नहीं हुई है। गृह विभाग के मुखिया के नाते उन्होंने इस मामले में एक शब्द भी नहीं कहा।
मिश्र ने कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट के सहयोगी को सुरक्षा प्रदान नहीं कर पा रहे हैं, वह ओडिशा के लोगों को कैसे सुरक्षा प्रदान करेंगे, इस पर सवाल उठ रहा है। इस घटना ने मुख्यमंत्री की असहायता को स्पष्ट कर दिया है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
