-
कई जगहों पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी भिड़े
-
ब्रह्मपुर, संबलपुर और बलांगीर में फैला तनाव
भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज शुक्रवार को ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में लगातार बिजली बाधित होने और अनिर्धारित बिजली कटौती का आरोप लगाते हुए बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों में झड़प होने की सूचना है। बताया जाता है कि ब्रह्मपुर, संबलपुर और बलांगीर में भाजपा कार्यकर्ता टाटा पावर के कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस के साथ हाथापाई हो गई।
ब्रह्मपुर में प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा टाटा पावर के कार्यालय में घुसने की कोशिश के बाद हाथापाई हुई। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पिछले दो महीनों से हम नहीं जानते कि ओडिशा सरकार बिजली कटौती पर चुप क्यों है। ब्रह्मपुर में ही नहीं, राज्यभर में बिजली वितरण में गंभीर अनियमितताएं हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि बिजली वितरण कंपनी यह स्पष्ट नहीं कर पा रही है कि इस तरह के व्यवधान क्यों हैं। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हमें अधिकारियों से वांछित प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।
संबलपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अइंठापल्ली में टाटा पावर के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में ऐसी स्थिति के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
इसी तरह, भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति के खिलाफ बलांगीर जिले के कांटाबांजी में प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि प्रचंड गर्मी की स्थिति के कारण सामान्य जीवन जीना लगभग असहनीय हो गया है और बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकाली और बाद में विद्युत कार्यालय का घेराव किया।
भाजपा का कहना है कि हम बिजली कटौती, ओडिशा सरकार और टाटा पावर के बीच सांठगांठ का विरोध कर रहे हैं। जो उपभोक्ता पहले 150 से 300 रुपये मासिक बिल भर रहे थे, उन्हें अब 700 रुपये से 1500 रुपये के बीच भुगतान करने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिस कंपनी ने बकाया वसूलने के लिए कर्मचारियों की मदद ली है, वह लोगों को डरा रही है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
