- 
ओडिशा में साल 2022 में कुल 1,78,190 आपराधिक मामले हुए दर्ज
 - 
राज्य में हुईं 1,379 हत्याएं और 3,184 के बलात्कार
 
भुवनेश्वर। ओडिशा में साल 2022 में अपराध में लगभग 14.65 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी एक श्वेतपत्र के अनुसार, ओडिशा में साल 2022 में कुल 1,78,190 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें 1,379 हत्याएं और 3,184 बलात्कार के मामले शामिल हैं। पुलिस ने 1,78,190 आपराधिक मामलों में से 1,18,547 मामलों में चार्जशीट दायर की है।
श्वेतपत्र के अनुसार, लूट के 2,998 मामले, चोरी के 14,893 मामले, डकैती के 626 मामले, दंगा के 2,248 मामले, धोखाधड़ी के 5,352 मामले, मोटर वाहन दुर्घटनाओं के 11,773 मामले और अन्य 1,30,380 विविध मामले राज्य भर में दर्ज किए गए।
इसी तरह हत्या के कुल 1379 मामलों में से 640 मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। श्वेतपत्र में कहा गया है कि पुलिस ने 2022 के अंत तक दुष्कर्म के कुल 3,184 मामलों में से 2,237 मामलों में चार्जशीट दायर की है।
श्वेतपत्र में कहा गया है कि साल 2022 में ओडिशा में 1,983 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए थे, जिसमें कुल 441 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि श्वेतपत्र में दावा किया गया हैं कि साल 2022 में ओडिशा में राजनीतिक हिंसा और सांप्रदायिकता की कोई घटना नहीं हुई। इसके अलावा, ओडिशा में समग्र कानून और व्यवस्था की स्थिति पूरे वर्ष शांतिपूर्ण रही और त्रिस्तरीय पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) के चुनाव 2022 में शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए गए।
श्वेत पत्र के अनुसार, साल 2022 में राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य रूप से शांतिपूर्ण रही।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
				
		