भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर में एक ही दिन में दो महिलाओं के आत्महत्या करने के मामले प्रकाश में आये हैं। बताया जाता है कि मंचेश्वर थाना क्षेत्र के पलासुनी में भागवत संधान लेन निवासी एक विवाहित महिला ने गुरुवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रज्ञा परमिता ढाल के रूप में हुई है। उसके परिवार में पति सत्यनारायण और एक बच्ची है। जानकारी के मुताबिक, परिजन बीती रात पड़ोसी के घर दावत के लिए गये थे। इसके बाद प्रज्ञा अपने घर लौट आई। उसे पड़ोसी के घर से जाते हुए देखकर सत्यनारायण उसके पीछे-पीछे उनके घर चला गया। हालांकि, उसने अपने पति को बाहर छोड़कर खुद को बंद कर लिया। इसके बाद आत्महत्या करने की खबर मिलने बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और प्रज्ञा का शव बरामद कर लिया। मंचेश्वर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं एक अन्य मामले में खारवेलनगर इलाके में 23 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सस्मिता बारिक के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजधानी अस्पताल भेज दिया है।
