Home / National / आंध्र प्रदेश में ओडिशा के 6 प्रवासी मजदूरों की मौत, 3 घायल
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

आंध्र प्रदेश में ओडिशा के 6 प्रवासी मजदूरों की मौत, 3 घायल

  • खदान में हुआ दर्दनाक हादसा

  • काम करते समय भारी ग्रेनाइट की चट्टान अचानक गिरी

  • मजदूरों को संभलने तक का नहीं मिला मौका

भुवनेश्वर। आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में रविवार सुबह एक ग्रेनाइट खदान में हुए दर्दनाक हादसे में ओडिशा के छह प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुआ, जब मजदूर खदान में काम कर रहे थे। भारी ग्रेनाइट की चट्टान अचानक गिर पड़ी और मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय खदान में करीब 10 से 15 मजदूर काम कर रहे थे। सभी मृतक ओडिशा के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि चट्टान के नीचे पानी का रिसाव होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह भरभरा कर गिर गई। घटना में किसी भी तरह के धमाके या भूकंपीय गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। मौके पर फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

हादसे के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस के साथ खान विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

इस हृदयविदारक दुर्घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

वहीं, वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी घटना पर दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है, जहां मजदूर अपने परिवारों के लिए मेहनत करते हुए मौत के शिकार हो गए। रेड्डी ने राज्य सरकार से घायलों के इलाज की व्यवस्था करने और मृतकों के परिजनों को तुरंत सहायता देने की अपील की है।

फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी था और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन मृतकों की पहचान और उनके परिवारों को सूचित करने की प्रक्रिया में लगा है।

 

Share this news

About admin

Check Also

गाजा में मानवीय संकट का समाधान निकाले भारत सरकार : जमाअत-ए-इस्लामी हिंद

नई दिल्ली । जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने गाजा में बढ़ते नरसंहार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *