कोलकाता। उत्तर दिनाजपुर जिले के कालियागंज से गिरफ्तार आईएसआई के लिए काम करने का आरोपित मुक्ता महतो ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करने वाली दुकान (कॉमन सर्विस सेंटर यानी सीएसपी) चलाता था। उसने अपने इलाके में अच्छी छवि बनाई हुई थी। महतो को सोमवार को मुंबई पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था।
महतो की गिरफ्तारी से पहले उसका कोई पड़ोसी सोच भी नहीं सकता था कि उसकी ऑनलाइन दुकान वास्तव में सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी विदेशी खुफिया एजेंसियों तक पहुंचाने का केंद्र थी। पूछताछ और जांच के लिए महतो को ट्रांजिट रिमांड पर पहले ही मुंबई ले जाया जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उत्तर दिनाजपुर स्थित इलाके जाकर उसके पड़ोसियों से पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने महतो को बेहद मृदुभाषी और सभ्य बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके परिवार की वित्तीय स्थिति स्थिर नहीं थी, लेकिन जब से महतो ने ऑनलाइन सेवा का व्यवसाय शुरू किया तब से उसकी स्थिति काफी सुधर गई। महतो पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हाल ही में एटीएस-मुंबई ने देश की महत्वपूर्ण सुरक्षा संबंधी जानकारी पाकिस्तान को देने के इसी तरह के आरोप में महाराष्ट्र में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान महतो का नाम सामने आया था। अधिकारियों ने कथित तौर पर महतो के नाम पर कई बैंक खातों का पता लगाया था, जहां कुछ करोड़ रुपये के लेनदेन का उल्लेख किया गया था। उन सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। यह भी पता चला कि महतो अक्सर मुंबई जाता था और दूसरे देशों में अपने आकाओं से बातचीत करता था।
साभार -हिस
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
