मीरजापुर। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि जो देश आतंकवाद का खात्मा करने के लिए आगे आएगा, हम उसका पूरी तरह समर्थन करेंगे। गाजापट्टी में जो भी हो रहा है, वह काफी खतरनाक है। हमास ने इजराइल पर हमला किया, हजारों लोग मारे गए। ऐसी आतंकी घटनाएं समूचे विश्व के लिए खतरनाक हैं। देश में जो भी लोग आतंकियों का समर्थन कर रहे हैं, उनको पहले तथ्यों के बारे में जानना चाहिए फिर कुछ कहना चाहिए नहीं तो उनका काफी नुकसान होगा।
राजस्थान के राज्यपाल शारदीय नवरात्र के छठवें दिन शुक्रवार की शाम मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने विंध्य दरबार आए थे। विंध्यधाम पहुंच मां विंध्यवासिनी के चरणों में मत्था टेक विधि-विधान से दर्शन पूजन किया।
दर्शनोपरांत मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट निर्माणाधीन विंध्य कॉरिडोर से विंध्यवासिनी मंदिर की छटा अभूतपूर्व हो गई है। श्रद्धालुओं को अब सुगमतापूर्वक मां विंध्यवासिनी का दिव्य दर्शन मिलता रहेगा। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने अंगवस्त्रम से राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने तीनों देवियों का चित्र व पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शिवप्रताप शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह आदि थे।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
