Home / National / कृषि व सम्बद्ध उत्पादों का निर्यात 04 लाख करोड़ रुपये के पार : तोमर

कृषि व सम्बद्ध उत्पादों का निर्यात 04 लाख करोड़ रुपये के पार : तोमर

नई दिल्ली, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत का कृषि व सम्बद्ध उत्पादों का निर्यात 04 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। भारत की सार्वजनिक वितरण प्रणाली व किसानों के लिए मूल्य समर्थन प्रणाली विश्व में अद्वितीय हैं। अनाज, फल, सब्जियां, दूध, अंडे, मछली जैसी कई वस्तुओं के उत्पादन में हम अग्रणी देश हैं।

तोमर ने शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सदस्य देशों के कृषि मंत्रियों की 8वीं बैठक को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि एससीओ के सदस्य देश स्मार्ट कृषि परियोजनाओं को अंगीकृत कर रहे हैं। इस दिशा में भारत में भी व्यापक स्तर पर कदम उठाए गए हैं। कृषि क्षेत्र को तकनीक से जोड़ा गया है। जिससे किसानों को व्यापक स्तर पर लाभ मिल रहा है
भारत बहुपक्षीय, राजनीतिक, सुरक्षा, आर्थिक व जन-जन के बीच संवाद को बढ़ावा देने में एससीओ के साथ अपने संबंधों को महत्व देता है। उन्होंने कहा कि एससीओ के कृषि मंत्रियों की बैठक आयोजित करना, विशेष रूप से वर्तमान स्थिति में खाद्य सुरक्षा व पोषण में सहयोग सुदृढ़ करने पर चर्चा करना हमारे लिए प्रसन्नता व गर्व की बात है। तोमर ने कहा कि वर्तमान स्थितियों में खाद्य आपूर्ति श्रृंखला की सामान्य कार्यपद्धति बनाए रखने के लिए खाद्य व पोषण सुरक्षा के लिए विभिन्न देशों के बीच घनिष्ठ संपर्क व सहयोग की आवश्यकता है।
केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि भारत कृषि क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ा नियोक्ता है, जहां हमारी आधी से अधिक आबादी कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्रों से जुड़ी हुई है, वहीं भारत, अनेक देशों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक गतिविधियों का प्रतिनिधित्व भी करता है। इसका महत्व इससे भी जाहिर होता है कि भारत में वर्ष 2013-14 से 10 साल में कृषि व सम्बद्ध क्षेत्रों के बजट आवंटन में 5 गुना से ज्यादा वृद्धि हुई है। गत वर्षों के दौरान भारत ने कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया, खाद्यान्न उत्पादन के साथ वैश्विक खाद्य सुरक्षा में योगदान देते हुए निर्यात में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की और कृषि एवं सम्बद्ध उत्पादों का निर्यात 04 लाख करोड़ रुपये के पार हो गया है।
उल्लेखनीय है कि इस बैठक में भारत सहित रूस, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, तजाकिस्तान, चीन एवं पाकिस्तान ने भाग लिया।
साभार -हिस

Share this news

About desk

Check Also

सपा सांसद की संसद से सेंगोल हटाने की मांग पर बढ़ा विवाद

नई दिल्ली ।18 वीं लोकसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के एक सांसद आरके चौधरी की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *