Home / National / अब समय आ गया है, जब जनता भाजपा को देगी जवाब : मल्लिकार्जुन खड़गे

अब समय आ गया है, जब जनता भाजपा को देगी जवाब : मल्लिकार्जुन खड़गे

  • झारखंड के साहिबगंज से मल्लिकार्जुन खड़गे ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत की

साहिबगंज, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि अब समय आ गया है, जब जनता भाजपा को जवाब देगी। आज देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। कभी लोग गैस के सात सिलेंडर लिया करते थे लेकिन आज ऐसी स्थिति है कि लोग एक रिफिल नहीं करा पा रहे हैं।
वे साहिबगंज जिले के पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के गुमानी में (श्रीकुंड) हाईस्कूल मैदान से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत कर रहे थे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए मल्लिकार्जुन ने कहा कि देश में 71 हजार स्कूल केंद्र सरकार ने बंद करा दिए। ये जो बार-बार गरीबों की बात करते हैं वो ही गरीबों को खत्म करने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि संसद में पूछा था कि अडाणी की संपत्ति ढाई साल में 13 लाख करोड़ हो गई। ये अडाणी प्रधानमंत्री मोदी के मित्र हैं। मोदी ने अदाणी को सरकारी पैसा दिया है। इसलिए संपत्ति में इजाफा हुआ है। एलआईसी का पैसा दिया। एसबीआई का पैसा अडाणी को दिया। अब तक 82 हजार करोड़ अडाणी को मोदी ने दिया है। देश का प्रधानमंत्री झूठ बोलता है। संसद में अडाणी की बात उठाई तो बाहर कर दिया गया। गरीबों की बात हमने किया तो हमारे भाषण को असंसदीय कह दिया गया।
खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अडाणी को देश में ही नहीं विदेशों में भी ठेका दिलाया। मोदी जी बताएं कि अडाणी आपके साथ कितनी बार विदेश गए। जब यही बात हमने संसद में रखा तो उसे काट दिया गया। उन्होंने कहा कि हम देश में किसानों के लिए लड़ रहे हैं। मजदूरों के लिए लड़ रहे हैं लेकिन भाजपा अपने दोस्तों के लिए काम कर रही है। खड़गे ने कहा कि हम देश की उन्नति के लिए हर मुसीबत से टकरायेंगे।

उन्होंने कहा कि आज हम यहां आपका आशीर्वाद लेने के लिए हैं। उन्होंने साहेबगंज से रामगढ़ उपचुनाव के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा। साथ ही कहा कि हमारी यहां मिलीजुली सरकार है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार चल रही है। हम एकजुट होकर चलेंगे तो मोदी को दिखा देंगे कि हम उनकी मनमर्जी के खिलाफ हैं।

अपने संबोधन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले इस अभियान के तहत हमलोग हर घर तक पहुंचेंगे। लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं की कमियों, महंगाई, बेरोजगारी से अवगत करायेंगे। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि 15वें वित्त आयोग के तहत बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत जमालपुर एचएससी में जल्द अस्पताल बनेगा। करीब 55.5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल को लेकर राज्य सरकार को प्रपोजल भेजा गया है। उन्होंने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने का आह्वान भी किया।

इस मौके पर मंत्री आलमगीर आलम, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे के अलावा कांग्रेस के सभी मंत्री, विधायक, कांग्रेस प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी, 24 जिलों के अध्यक्ष, जिला कमेटी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
साभार- हिस

Share this news

About desk

Check Also

विहिप के 60 वर्ष: उपलब्धियां व चुनौतियाँ 

नई दिल्ली,देश की राजनैतिक स्वतंत्रता के पश्चात कथित सेक्युलर वाद के नाम पर हिन्दू समाज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *