हैदराबाद, जनगांव जिले स्टेशन घनपुर मंडल के पुलिस थाना के सामने प्रदर्शन कर रहे भारतीय जनता पार्टी के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर उनके घर पर छोड़ दिया। पुलिस ने उनके घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी है।
दरअसल, दिल्ली के कथित शराब घोटाले में मुख्यमंत्री की बेटी कविता का नाम शामिल होने का आरोप लगाकर सोमवार रात को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कविता के आवास के निकट प्रदर्शन किया था। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हुए थे। पुलिस ने कई भाजपा कार्यकर्ता को हिरासत में भी लिया था। इस घटना के विरोध में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंडी संजय कुमार ने मंगलवार को जनगांव जिले स्टेशन घनपुर मंडल के पुलिस थाना के सामने प्रदर्शन किया। यही से पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष संजय को हिरासत में ले लिया। इस दौरान संजय की हिरासत में लेने के विरोध में पुलिस को कार्यकर्ताओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। भाजपा नेता बंडी संजय को जबरन पुलिस अपनी गाड़ी में करीमनगर ले जाने लगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के काफिले को रास्ते में रोकने के प्रयास किया और इस दौरान पुलिस से झड़प में कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। पुलिस ने संजय को करीमनगर स्थित उनके आवास पर पहुंचाकर छोड़ दिया और उन्हें घर बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
इसी बीच केंद्रीय पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी, भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी, नेता अरुणा, विधायक ईटेला राजेंद्र और कई नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष पर पुलिस की कार्रवाई की निंदा की। खबर मिली है कि मंगलवार शाम को भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल तमिलसाई सौंदर्राजन को राजभवन में ज्ञापन सौंपेगी और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और चंद्रशेखर राव सरकार की तानाशाही से अवगत कराएगी।
साभार-हिस
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
