नई दिल्ली, कांग्रेस ने न्यायपालिका पर केन्द्र सरकार के दखल का आरोप लगाया है। इस संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि मोदी सरकार न्यायपालिका के कार्यों में दखल दे रही है। न्यायपालिका को यह सरकार डराने,भड़काने के साथ-साथ इस मजबूत संस्था के बारे में दुष्प्रचार करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार गैरकानूनी ढंग से न्यायपालिका के कार्यों में लगातार हस्ताक्षेप कर रही है। कांग्रेस इसका विरोध करती है।
सिंघवी ने कहा कि केन्द्र सरकार जजों की नियुक्तियों और अस्थानांतर के कार्यों में जानबूझ कर विलंब करती है। उन्होंने कहा कि यह सरकार कॉलेजियम के आदेशों में भी जानबूझ कर देरी करती है। हाईकोर्ट के जजों की नियुक्ति और अस्थानांतर में केन्द्र सरकार दखल देती है। यह सरकार अपने विचारधारा के जजों को प्राथमिका देती है।
सिंघवी ने कहा कि नूपुर शर्मा मामले में जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट के जज को भाजपा के सोशल मीडिया ने ट्रोल किया वह ठीक नहीं है। इस तरह से किसी जज को डराया या धमकाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों कर्नाटक हाईकोर्ट के एक जज को भी भाजपा ने ट्रांसफर की धमकी दिलवाई थी। सिंघवी ने कहा कि भाजपा सरकार नियमों-कानूनों को नहीं मानती है। यह सरकार गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और राजद्रोह जैसे कानूनों का भी दुरुपयोग करती रही है।
साभार -हिस
