Home / Odisha / भाजपा ने राउरकेला से दिलीप राय को मैदान में उतारा

भाजपा ने राउरकेला से दिलीप राय को मैदान में उतारा

  • विधानसभा चुनाव में 16 नये चेहरों पर किया भरोसा

  • दूसरे चरण के लिए विधानसभा प्रत्याशियों की सूची जारी

  • 19 सीटों में से केवल तीन सीटों पर पिछले बार के प्रत्याशियों को मौका

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में कुल 21 नाम हैं। पहले से घोषित दो विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों को बदला गया है और 16 नये चेहरों पर भरोसा जताया गया है।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा राउरकेला से पूर्व विधायक दिलीप राय को पार्टी ने एक फिर से राउरकेला सीट से मैदान में उतारा है। इसी तरह पाटणा विधानसभा सीट से अखिल चंद्र नायक, सारसकणा से भादव हांसदा, रायरंगपुर से जोलेन बरडा, बांगिरिपोशी से संजली मुर्मू, करंजिया से पद्मचरण हाइबुरु, झरिगां से नरसिंह भत्रा को उम्मीदवार बनाया गया है।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज घोषित 21 सीटों के प्रत्याशियों में दो सीटों में प्रत्याशियों को बदला है, जबकि शेष 19 सीटों में से केवल तीन सीटों पर पिछले बार के प्रत्याशियों को रिपिट किया गया है। रायगड़ा, मोहना तथा करंजिया विधानसभा सीट पर पिछले बार के प्रत्याशियों पर भाजपा ने विश्वास व्यक्त किया है। जबकि शेष 16 सीटों पर नये चेहरे दिये गये हैं।

बीजू जनता दल छोड़कर आने वाले पांच नेताओं को पार्टी ने टिकट दिया है। इसमें अमरेन्द्र दास, भादव हांसदा, कैलाश कुलेसिका, जगन्नाथ नन्दरुका व डंबरुधर सीसा को पार्टी ने टिकट दिया है।

इसी तरह डाबुगां से सोमनाथ पुजारी, राजनगर से ललित बेहरा, बालिकुड़ा एरसमा से सत्यसारथी मोहंती, रणपुर से सुरमा पाढ़ी, शांखेमुंडी से उत्तम कुमार पाणिग्राही, मोहना से प्रशांत मलिक, विषम कटक से जगन्नाथ नुंड्रुका, रायगड़ा से बसंत उलाका, लक्ष्मीपुर से कैलाश कुलेसिका, कोटपाड़ से रुपु भत्रा, पोटांगी से चैतन्य नंदबाली तथा चित्रोकोंडा से डंबरुधर सीसा को प्रत्याशी बनाया गया है।

दो सीटो पर प्रत्याशी बदले गये

रणपुर व पोटांगी के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के नामों को बदला है। रणपुर से पार्टी ने पहले तापस मार्था को टिकट दिया था। अब पार्टी ने उन्हें बदल कर पूर्व मंत्री सुरमा पाढ़ी को टिकट दिया है। इसी तरह पोटांगी से चैतन्य हंताल के स्थान पर चैतन्य नंदिबाली को टिकट दिया गया है।

131 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधानसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 131 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। अभी भी 16 सीटों के लिए घोषणा की जानी बाकी है। इससे पहले दो अप्रैल को भाजपा ने 112 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इसमें से दो को अब दल दिया गया है। आज कुल 21 सीटों के लिए घोषणा की गयी है।

दो विधायकों को टिकट कटा

भारतीय जनता पार्टी ने दो चरणों में 131 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। दो विधायकों को छोड़कर लगभग सभी विधायकों को पार्टी ने टिकट दिया है। मालकानगिरि के विधायक आदित्य माढ़ी की स्वास्थ्य की स्थिति ठीक न होने के कारण टिकट नहीं दिया गया है। इसी तरह से आज घोषित सूची में सारसकणा से विधायक डा बुधान मुर्मू का टिकट काटा गया है।

पार्टी ने मेरे साथ किया विश्वासघात – डा मुर्मू

इसे लेकर डा मुर्मू ने असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टी से आये हुए नेता को मेरा टिकट काट कर दिया जाना ठीक नहीं है। यह मेरे साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल से बात करेंगे व उनके साथ कैसे अन्याय हुआ है, उसके बारे में अवगत करायेंगे।

Share this news

About desk

Check Also

उत्कल बिल्डर्स का 15 दिवसीय जलछत्र का उद्घाटन

भीषण गर्मी में पहले दिन लगभग एक हजार लोगों को दही का शर्बत पिलायी गयी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *