Home / Odisha / ओडिशा में भीषण बारिश को लेकर दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी
मौसम

ओडिशा में भीषण बारिश को लेकर दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी

  •  बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र

  •  अगले 24 घंटे में डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना

  •  शहरी क्षेत्रों में बारिश से बाढ़ जैसी हो सकती है स्थिति

भुवनेश्वर। उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर शनिवार को एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ ही यह अच्छी तरह से चिह्नित होने के बाद यह अगले 24 घंटों के दौरान डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। इसके प्रभाव में होने वाली भीषण बारिश को लेकर मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
यह जानकारी शनिवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दी है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके प्रभाव में 14 अगस्त को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी ओडिशा में अलग-अलग भारी वर्षा के साथ ही 15 अगस्त को वर्षा की तीव्रता कम हो जायेगी।
इसके साथ ही अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उससे सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर समुद्र की स्थिति बहुत खराब से बहुत खराब होने की संभावना है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पहले से ही तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां हो रही हैं और यह कल राज्य के आंतरिक हिस्सों में तेज हो जाएगी।
मध्य और दक्षिण ओडिशा में शनिवार से छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। कल मध्य जिलों और राज्य के अंदरूनी हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर मानसून के दौरान बनने वाले निम्न दबाव और डिप्रेशन से वर्षा की गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। नये सिस्टम से निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है और पहाड़ी इलाकों में भूधंसान या भूस्खलन हो सकती है। अधिकारियों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि इस सिस्टम के प्रभाव में बारिश के कारण शहरी क्षेत्रों में बाढ़ की संभावना है।
14 अगस्त को पुरी, कटक, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, ढेंकानाल, जाजपुर और भद्रक जिलों में छिटपुट भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही खुर्दा, नयागढ़, गजपति, गंजाम, बालेश्वर, मयूरभंज, केंदुझर, अनुगूल, संबलपुर, सोनपुर, बरगढ़, बौध, कलाहांडी, कंधमाल और रायगड़ा जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए नारंगी चेतावनी जारी की गयी है।
15 अगस्त को नुआपड़ा, बलांगीर, कलाहांडी, सोनपुर, बौध, बरगढ़, अनुगूल, संबलपुर, झारसुगुड़ा और देवगढ़ जिलों में छिटपुट भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके साथ ही सुंदरगढ़, केंदुझर, ढेंकानाल, जाजपुर, कटक, नयागढ़, कंधमाल, रायगड़ा, नवरंगपुर, कोरापुट और मालकानगिरि जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए नारंगी चेतावनी जारी की गयी है।
16 अगस्त को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़ और नुआपड़ा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गयी है।

Share this news

About desk

Check Also

उत्कल बिल्डर्स का 15 दिवसीय जलछत्र का उद्घाटन

भीषण गर्मी में पहले दिन लगभग एक हजार लोगों को दही का शर्बत पिलायी गयी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *