Home / National / तरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले आईटीबीपी में नारी शक्ति का शानदार प्रदर्शन

तरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले आईटीबीपी में नारी शक्ति का शानदार प्रदर्शन

  • आईटीबीपी के कुल 26 में से 17 पदक महिलाओं द्वारा जीते गए

नई दिल्ली,कोविड-19 ने खेल की दुनिया को बदल दिया है। इस चुनौतीपूर्ण समय में अनिवार्य प्रतिबंधों के पालन और इस तरह के प्रोटोकॉल को पहले कभी नहीं देखा गया। इसलिए, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के लिए भी खेलों की निरंतरता बनाए रखना मुश्किल था, लेकिन कोविड-19 महामारी के समय में आईटीबीपी के खिलाड़ियों द्वारा अब तक 26 पदक जीते गए हैं।
आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक पांडेय ने रविवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पहले आईटीबीपी में नारी शक्ति का शानदार प्रदर्शन रहा। अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आईटीबीपी ने 26 पदक जीते है। इनमें 17 पदक महिलाओं द्वारा जीते गए हैं। प्रवक्ता के अनुसार अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एक स्वर्ण, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छह स्वर्ण, छह रजत व पांच कांस्य पदक, खेलो इंडिया में दो स्वर्ण, तीन रजत और आइस हॉकी की प्रतियोगिताएं में तीन रजत पदक शामिल है।
कई रिकॉर्ड आईटीबीपी के नाम
प्रवक्ता विवेक पांडेय ने बताया कि वर्ष 2021 में अब तक आईटीबीपी के पर्वतारोहियों द्वारा देश-विदेशों में रिकॉर्ड 220 चोटियों पर सफलतापूर्वक आरोहण कर फतह हासिल की गई है। वर्ष 2020 में जब देश में कोविड-19 के संक्रमण का आंकड़ा चरम पर था, वहीं आईटीबीपी के पर्वतारोहियों द्वारा 02 पर्वतारोहण अभियानों के दौरान 31 अगस्त को माउंट लियो पारगिल (22,222 फीट) और माउंट गंगोत्री-II (21,615 फीट) की चोटियों पर सफलतापूर्वक आरोहण किया गया।
मनीषा मौन ने जीता स्वर्ण पदक
20 दिसंबर, 2020 को आईटीबीपी की सेंट्रल बॉक्सिंग टीम की सदस्य मनीषा मौन ने 57 किलोग्राम भार कैटागिरी के फाइनल मुकाबले में हमवतन खिलाड़ी साक्षी को हराकर जर्मनी के कोलोन में बाक्सिंग विश्व कप प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीता। 01 से 07 मार्च, 2021 तक स्पेन के कैस्टेलियन में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग टूर्नामेंट ‘बॉक्सम’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए मनीषा को एलीट महिला टीम में भी चुना गया।
आईटीबीपी ने राष्ट्रीय आइस हॉकी प्रतियोगिता जीती
22 जनवरी, 2021 को आईटीबीपी की आइस हॉकी टीम ने गुलमर्ग, जम्मू-कश्मीर में 10वीं राष्ट्रीय आइस हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में यू.टी. लद्दाख को 5-1 से हराकर राष्ट्रीय आइस हॉकी प्रतियोगिता जीत हासिल की। आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में देश की आठ शीर्ष राष्ट्रीय टीमों ने भाग लिया था। आईटीबीपी आइस हॉकी टीम तीन प्रतिष्ठित टूर्नामेंट- फायर एंड फ्यूरी कप, लद्दाख एल.जी. कप और खेलो इंडिया चैंपियनशिप में उप विजेता भी रही।
आईटीबीपी की वुशु टीम का भी जवाब नहीं
वहीं आईटीबीपी की वुशु टीम ने चंडीगढ़ में आयोजित 29 वीं सीनियर नेशनल वुशु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल सात पदक जीते, जिसमें तीन स्वर्ण पदक (महिलाओं की 45, 56 और 70 किलोग्राम भार कैटेगरी में), तीन रजत पदक (महिलाओं की 52 और 56 किलोग्राम भार कैटेगरी में) और पुरुषों की 85 किलोग्राम भार कैटेगरी तथा पुरुषों की +90 किलोग्राम भार कैटेगरी में एक कांस्य पदक जीते। महिलाओं की 56 किलोग्राम भार कैटेगरी में विद्यापति चानू ने स्वर्ण और संयोगिता सिंह ने रजत पदक जीता। प्रियंका ने 45 किलोग्राम भार कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता। 70 किलोग्राम भार कैटेगरी में मेनका देवी ने स्वर्ण पदक जीता। हरीश ने पुरुषों की 85 किलोग्राम भार कैटेगरी में रजत पदक हासिल किया। 52 किलोग्राम में चोबा देवी ने रजत पदक तथा +90 किलोग्राम भार कैटेगरी में प्रदीप ने कांस्य पदक जीता। महिला टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती जबकि आईटीबीपी की टीम ने चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया।
दौड़ में भी आईटीबीपी की नारी शक्ति का शानदार प्रदर्शन
जम्मू -कश्मीर के गुलमर्ग में ‘खेलो इण्डिया’ शीतकालीन खेलों के दूसरे संस्करण में आईटीबीपी स्कीयर प्रिंस कुमारी और बबीता ने महिलाओं की 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री में क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीते। प्रिंस कुमारी ने महिलाओं की पांच किलोमीटर क्रॉस कंट्री में स्वर्ण पदक तथा 1.4 किलोमीटर स्प्रिंट रेस में रजत पदक भी जीता। आईटीबीपी ने खेलों में दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। बायथलॉन वुमन नेशनल में 7.5 किमी. क्रॉस कंट्री में बल ने एक स्वर्ण व एक रजत पदक जीता।
जूडो टीम प्रतिनिधित्व करेंगे करमबीर
आईटीबीपी की केंद्रीय जूडो टीम के खिलाड़ी करमबीर का चयन 5 से 10 अप्रैल, 2021 तक किर्गिस्तान में आयोजित होने वाली एशिया ओशिनिया जूडो चैंपियनशिप, 2021 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया।
घुड़सवारी चैंपियनशिप में जीते दो पदक
3 से 10 जनवरी 2021 तक नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप ड्रेसाज में आईटीबीपी की केंद्रीय घुड़सवारी टीम के खिलाड़ी रावेश्वर सिंह राणा ने दो रजत पदक जीते। मार्च, 2021 में राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप के टेंट पेगिंग इवेंट में अमित छेत्री ने कांस्य पदक जीता। इसी क्रम में 16 से 18 जनवरी, 2021 तक भोपाल (म.प्र.) में आयोजित 10वीं राष्ट्रीय केनो मैराथन चैंपियनशिप में आईटीबीपी की सेंट्रल वाटर स्पोर्ट्स टीम की खिलाड़ी पी एच सोनिया देवी ने एक स्वर्ण पदक जीता तो वहीं 29 से 31 जनवरी 2021 तक उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित 23वीं सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में आईटीबीपी की केंद्रीय महिला कुश्ती टीम की खिलाडी विद्या रानी, अंजलि और जसप्रित ने एक कांस्य पदक (कुल तीन कांस्य पदक) जीते।
खेल स्पर्धाओं में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए जाना जाता आईटीबीपी
आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक पांडेय के अनुसार,आईटीबीपी को विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए जाना जाता है। कोरोना संबंधी सभी मुश्किलों का सामना करते हुए बल ने गत कुछ महीनों में अनेक खेलकूदप्रतियोगिताओं में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की सोशल डिस्टेंसिंग तथा अन्य स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के नियम खेलों के लिहाज से अनुकूल नहीं थे और इस महामारी का असर 2020 के ओलंपिक खेलों पर भी पड़ा।
कोविड-19 में आईटीबीपी का बड़ा योगदान
आईटीबीपी ने सर्वप्रथम देश में अपने नई दिल्ली स्थित छावला कैंप में 1000 बिस्तरों वाला पहला क्वारंटाइन सेंटर बनाया। इसके बाद लॉकडाउन के दौरान दूर-दराज के इलाकों में सप्लाई चेन बरकरार रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही कोरोना के शुरूआती दौर में फेस मास्क व पी.पी.ई. किट की कमी से जूझ रहे देश को सहयोग प्रदान करने के लिए अपने स्तर पर फेस मास्क और पीपीई किट आदि तैयार करवाकर जरूरतमंदों को मुहैया कराए गए। इसके साथ ही और एक बड़ा कदम उठाते हुए आईटीबीपी रेफरल अस्पताल, ग्रेटर नोएडा को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और केंद्रीय पुलिस संगठनों (सीपीओ) के कर्मियों और उनके परिवारों के उपचार हेतु समर्पित कर दिया गया। करीब सात महीनों तक आईटीबीपी ने दुनिया के सबसे बड़े 10,000 बिस्तरों वाले कोविड केयर सेंटर ‘सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर और अस्पताल, राधा स्वामी ब्यास, छतरपुर, नई दिल्ली’ का जिम्मा संभाले रखा। वहीं बल ने कोरोना महामारी में अपने कर्तव्यों के निवर्हन के दौरान संक्रमित हुए 13 हिमवीरों को भी खोया।
साभार-हिस

Share this news

About desk

Check Also

MODI

वीरों की धरती बुंदेलखंड में बनेगा डिफेंस कॉरिडोर: नरेन्द्र मोदी

हमीरपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि हमारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *