Home / National / राज्यसभा सांसद अमर सिंह का सिंगापुर में निधन

राज्यसभा सांसद अमर सिंह का सिंगापुर में निधन

  • सिंगापुर में कराई थी किडनी ट्रांसप्लांट, लम्बे समय से चल रहा था इलाज

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता व राज्यसभा सांसद अमर सिंह का 64 साल की उम्र में शनिवार की दोपहर निधन हो गया। दिग्गज नेता अमर सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इसी साल मार्च में उन्होंने सिंगापुर के एक बड़े अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट कराई थी। काफी दिनों से उनका इलाज सिंगापुर में चल रहा था और उनका परिवार भी वहीं था।

अमर सिंह के राजनीतिक सफर की शुरुआत 1996 में राज्यसभा का सदस्य चुने जाने के साथ हुई थी। वह समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बेहद करीब थे। बीच में दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं, लेकिन इसी साल फरवरी में अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन से माफी मांग ली थी। अमर सिंह भारतीय राजनीति में एक बड़े नेता के रूप में जाने जाते थे। वह उत्तर प्रदेश से थे और समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में उनकी गिनती होती थी। वह समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव भी रहे। इसके अलावा उन्हें हिन्दी भाषा के जानकार और बड़े राजनैतिक सम्बंधों के लिए भी जाना जाता था।

अमर सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सांसद थे। 5 जुलाई 2016 को उन्हें उच्च सदन के लिए चुना गया था। इसके अलावा अमर सिंह की फिल्म जगत में भी अच्छी पकड़ थी। समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद अमर सिंह की सक्रियता कम हो गई थी। हालांकि, बीमार होने से पहले तक उनकी भारतीय जनता पार्टी से नजदीकियां बढ़ रही थीं। अमर सिंह भाजपा के कार्यक्रमों में भी नजर आने लगे थे। यहां तक कि उन्होंने आरएसएस से जुड़े संगठन को अपनी पूरी संपत्ति दान करने का ऐलान कर दिया था लेकिन आज शनिवार की दोपहर उनका निधन हो गया।

साभार-हिस

Share this news

About desk

Check Also

मुंबई के अस्पताल में जच्चा बच्चा की मौत पर एनसीडब्ल्यू ने महाराष्ट्र सरकार से मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली। मुंबई के एक अस्पताल में कथित तौर पर बिजली गुल होने पर टार्च …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *