Home / National / मप्र : भगवामय हुआ कांग्रेस कार्यालय, धर्म संवाद कार्यक्रम में पहुंचे पुजारी और धर्माचार्य

मप्र : भगवामय हुआ कांग्रेस कार्यालय, धर्म संवाद कार्यक्रम में पहुंचे पुजारी और धर्माचार्य

  • कमलनाथ बोले- क्या भाजपा ने ले रखा है भगवा का ठेका?

भोपाल, मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस भी अब हिदुत्व का सहारा लेकर सत्ता तक पहुंचने की रणनीति पर काम रही है। इसी सिलसिले में भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी के सभागार में रविवार सुबह 11 बजे से धर्म संवाद कार्यक्रम आयोजन किया गया।

दरअसल, कांग्रेस आज मठ मंदिर स्वायत्तता संकल्प दिवस मना रही है। इसी सिलसिले में पार्टी कार्यालय में धर्म संवाद कार्यक्रम हो रहा है। इसके लिए कांग्रेस कार्यालय को भगवा रंग में रंग दिया गया और कार्यालय के चारों ओर भगवा ध्वज झंडे लगाए गए। इस संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर के मठ मंदिरों के पुजारी, धर्माचार्य शामिल हुए। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, राजीव सिंह, प्रकाश जैन, जेपी धनोपिया अन्य सहित वरिष्ठ नेतागण शामिल हैं।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि क्या भगवा का ठेका भाजपा ने ले रखा है? मैं हिंदू हूं। विश्व में भारत की आध्यात्मिक शक्ति सबसे बड़ी है। नई पीढ़ी सामाजिक मूल्यों से दूर हो रही है। इसे बचाए रखने की जिम्मेदारी आपकी है। इतने त्यौहार, धर्म, जाति हैं। हम धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करना चाहते। हम चाहते हैं राम मंदिर बने, पर राजनीति के लिए नहीं। धर्म हमारी भावनाओं से जुड़ा है, राजनीति से नहीं। भाजपा आपको परेशान करना चाहती है। वह उन्हीं को पुजारी बनाते हैं, जो उनके कार्यकर्ता हों।

सम्मेलन में पुजारियों ने मांग रखी कि प्रदेश में वर्ष 1974 के पहले की व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए। वर्ष 1974 के बाद मंदिरों से संबद्ध भूमि में कलेक्टर के नाम दर्ज किए गए हैं। इस पर कमनलाथ ने पुजारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि छह माह में प्रदेश में हमारी सरकार बनेगी और हम आपको छूट देंगे। ठेकेदार-उद्योगपति को भाजपा जमीन देती है, लेकिन पुजारियों को नहीं।

कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि कमलनाथ ने बगैर मांगे पुजारियों का मानदेय तीन गुना बढ़ाया। महाकाल काॅरिडोर बनाने का निर्णय कमलनाथ के काल में लिया गया। राम वन गमन पथ, ओंकारेश्वर के लिए हमारी सरकार ने बजट दिया। हम सरकारी जमीन पर स्थित मंदिरों के पट्टे देने वाले थे, लेकिन भाजपा ने सरकार गिरा दी। नर्मदा ट्रस्ट बनाया, ताकि नर्मदा को अति उत्खनन से बचाया जा सके। आज अंधाधुंध उत्खनन हो रहा है।
कार्यक्रम से पहले कमलनाथ ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के एक दिन पहले भोपाल में दिए गए सुपारी वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज देश बेरोजगारी, महंगाई और अव्यवस्था देख रहा है। मोदीजी अगर इसी में खुश हैं कि कांग्रेस ने सुपारी दी, तो क्या कहा जाए। अब जनता कलाकारी की राजनीति में नहीं फंसने वाली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विजिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाने के खिलाफ हम कोर्ट जाएंगे। शिवराज सिंह, इनके मंत्री और विधायक बौखला गए हैं। विकास यात्राओं में इनका विरोध हुआ है। इनके पास अब यही हथकंडे बचे हैं।
साभार -हिस

Share this news

About desk

Check Also

MODI

टीएमसी और कांग्रेस की सोच विकास की नहीं, ये पार्टियां भ्रष्टाचार फैलाना ही जानती हैं : मोदी

कोलकाता। लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के मतदान से पहले रविवार को पं. बंगाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *