-
नगर निगम में व्याप्त समस्याओं को लेकर होगा आंदोलन
राजेश बिभार, संबलपुर
गलत कृषि नीतियों के कारण अन्नदाताओं की स्थिति आज दयनीय हालत में पहुंच गई है। इसके लिए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की गलत कृषि नीति जिम्मेदार है। बुधवार की सुबह जिला कांग्रेस कार्यालय में बुलाए गए प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी गुरू ने यह बात कही। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए श्री गुरू ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा बनाया गया कृषि कानून देश के चुनिंदा पूंजीपतियों को बलशाली बनाएगा। इस कानून से किसानों को कोई हित नहीं होगा। देश के किसान भी इस बात को समझते हैं, मसलन इस कानून को निरस्त करने हेतु पिछले 90 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। विडंबना का विषय यह है कि केन्द्र सरकार आंदोलित किसानों से बात करने को भी तैयार नहीं है। ओडिशा प्रदेश में भी किसानों का जमकर दोहण किया जा रहा है। संबलपुर समेत पूरे पश्चिम ओडिशा के मंडियो में आज भी हजारों बोरा धान पड़ा हुआ है। इसके बावजूद किसानों को खरीददार नहीं मिल रहा है। मजबूरन किसान औनपौने दर पर अपनी उपज को बेचने पर मजबूर हो रहे हैं। जिन किसानों का टोकन लैप्स हो गया है, उनके समक्ष परिवार का पालन-पोषण एक गंभीर चुनौती बन गई है। ओडिशा प्रदेश में कुछ स्वार्थी व्यापारी, सरकारी कर्मचारी एवं जिला प्रशासन में बैठे कुछ उच्च अधिकारी नहीं चाहते की किसानों को भला हो, और वे अपने उपज की मूंहमांगी कीमत पाएं। कांग्रेस केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के इस रवैए को बर्दाश्त नहीं कर सकती है। प्रदेश के किसान एवं मजदूरों के हित के लिए कांग्रेस पार्टी सर्वदा लड़ाई करती आई है और आनेवाले दिनों में भी उनका संग्राम जारी रहेगा। आगे श्री गुरू ने संबलपुर नगरपालिका में जारी भ्रष्टाचार एवं अव्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि संबलपुर नगर निगम में आज सड़क, बिजली, पानी एवं सफाई की व्यवस्था चरमराई हुई है। लोगो के बारंबार अनुरोध के बावजूद उन्हें उनका बुनियादी अधिकार नहीं मिल पा रहा है। आनेवाले दिनों में जिला कांग्रेस नगर निगम वासियों के समस्याओं को लेकर भी आंदोलन का रूख अख्तियार करेगी। इस अवसर पर श्री गुरू ने जिला कांग्रेस कमेटी के कुछ नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा किया। श्री गुरू के घोषणानुसार खिरोद कुमार साय को बामरा, लवणीधर नायक को कुचिंडा, केदार बरिहा को जमनकिरा, उग्रसेन देहूरी को नाकटीदेउल, हरेश कुमार कर्ण को रेढ़ाखोल, परखित नायक को जुजुमुरा, मूलू मेहेर को मानेश्वर, इंद्रमणी बारिक को धनकौड़ा एवं चतुर्भूज झांकर को रेंगाली ब्लॉक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अखिल प्रसाद सिंह को कुचिंडा, शहजीत बीर को रेढ़ाखोल निकाय, श्रीमती विजयलक्ष्मी बेहेरा को संबलपुर-1 एवं जशबीर सिंह को संबलपुर-2, शिवव्रत प्रधान को बुर्ला एवं रवि राउत को हीराकुद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रेस कांफे्रंस में जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं युवा कांगे्रस के अनेकों पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
