Home / Odisha / 13वें रोजगार मेले में तीन विभागों में 591 अभ्यर्थियों को मिली नियुक्ति
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

13वें रोजगार मेले में तीन विभागों में 591 अभ्यर्थियों को मिली नियुक्ति

  •     18 महीनों में 37,916 सरकारी नौकरियां प्रदान की गईं

  •     पांच वर्षों में सभी ढाई लाख रिक्त पदों को भर दिया जाएगा

  •     भ्रष्टाचार से कोसों दूर रहें, नव-नियुक्त कर्मियों को मुख्यमंत्री की सलाह

  •     राज्य के विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया

भुवनेश्वर। जो भी जिस पद पर नियुक्त हो, उसे हमेशा सरकारी नौकरी को जनसेवा के रूप में ही देखना चाहिए। सरकारी नौकरी मिलने के बाद कभी भी कार्य में लापरवाही न करें और भ्रष्टाचार से कोसों दूर रहें। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज ओयूएटी स्थित कृषि शिक्षा सदन में आयोजित तेरहवें रोजगार मेला 2025 के अवसर पर नए नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

सूचना के अनुसार, आज के रोजगार मेले में जल संसाधन विभाग के 232, लोक निर्माण विभाग के 197, तथा गृह एवं नगरीय विकास विभाग के 142 सहायक कार्यकारी अभियंता, 5 वित्त एवं लेखा अधिकारी और 15 योजना सहायक को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस रोजगार मेले के माध्यम से पहली बार जीएटीई स्कोर के आधार पर, ओडिशा लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित सहायक कार्यकारी अभियंताओं को तीन इंजीनियरिंग विभागों में नियुक्त किया गया है। कुल 591 नियुक्तियां की गईं।

छह महीनों में और 30,000 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी

कृषि शिक्षा सदन में उपस्थित नव-नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष जून महीने से अब तक, यानी 18 महीनों में, कुल 37,916 लोगों को नौकरी दी गई है। आने वाले छह महीनों में और 30,000 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। पांच वर्षों में खाली पड़े डेढ़ लाख पदों को भरने तथा दो वर्षों के भीतर 65,000 सरकारी पदों को पूरित करने का वादा हमने किया था।

भ्रष्टाचार से दूर रहकर सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध रहें

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यदि आप भ्रष्टाचार से दूर रहकर सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध रहें, तो समाज और राज्य दोनों का विकास सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित गांव और विकसित ओडिशा के माध्यम से संचालित सभी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन में सहायक कार्यकारी अभियंताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आप सभी सरकार के विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करके जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को सुचारु रूप से निभाएंगे।

योजना सहायकों की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण

उन्होंने कहा कि नगर निकायों में सुव्यवस्थित योजना, समुचित विकास और प्रशासनिक गतिविधियों में योजना सहायकों की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही, नगर निकायों में वित्त और लेखा अधिकारी वित्तीय प्रबंधन को सुचारु रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में ओडिशा में बुनियादी ढांचा निर्माण के क्षेत्र मं एक तरह का आंदोलन होने जा रहा है, क्योंकि राज्य में पूंजी निवेश के लिए बजट में अभूतपूर्व प्रावधान किया गया है। उदाहरण के तौर पर, चालू बजट में 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि केवल पूंजीगत व्यय के लिए प्रावधानित है। दो दिन पहले पारित अतिरिक्त बजट को भी इसमें जोड़ दिया जाए, तो यह खर्च लगभग 68 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक हो जाएगा।

ओडिशा देश में सबसे अधिक खर्च करने वाला राज्य

पूंजीगत निवेश के मामले में राज्य जीडीपी के अनुपात में ओडिशा देश में सबसे अधिक खर्च करने वाला राज्य है। यह 6.1 प्रतिशत से अधिक है और कुल बजट का लगभग 22 प्रतिशत है। इतनी बड़ी राशि के व्यय को सही तरीके से लागू करने के लिए आप जैसे इंजीनियरों की आवश्यकता है।

समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए बुनियादी ढांचा निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण

समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए बुनियादी ढांचा निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से, सिंचाई ढाँचे को मजबूत कर किसानों की उत्पादन क्षमता और उत्पादकता बढ़ाना हमारा लक्ष्य है।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में सरपंच पद के लिए पढ़ना-लिखना अनिवार्य

    हाईकोर्ट ने दिया बड़ा फैसला     बिश्नुपुर ग्राम पंचायत के महेश्वर जेना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *