Home / Odisha / ओडिशा विधानसभा में आज पहली बार होगा राष्ट्रपति का संबोधन

ओडिशा विधानसभा में आज पहली बार होगा राष्ट्रपति का संबोधन

  •     16 साल बाद विधानसभा में अपने पुराने कक्ष में लौटेंगी द्रौपदी मुर्मू

  •     रायरंगपुर से दो बार विधायक रहीं

भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को अपने राजनीतिक जीवन की एक विशेष याद को फिर से जीने जा रही हैं। राजधानी भुवनेश्वर स्थित ओडिशा विधानसभा में वे उस कक्ष संख्या 11 का पुनः दौरा करेंगी, जहां से उन्होंने बतौर विधायक कार्य किया था।

ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी के अनुसार, राष्ट्रपति शाम 4 बजे सदन के सदस्यों को संबोधित करेंगी। यह ऐतिहासिक अवसर होगा, क्योंकि ओडिशा विधानसभा में भारत के किसी राष्ट्रपति का यह पहला संबोधन होगा। संबोधन के बाद वे उसी कक्ष में जाएंगी, जहां उन्होंने अपने विधायक काल के दौरान वर्षों तक काम किया था। राष्ट्रपति की विशेष यात्रा को ध्यान में रखते हुए कक्ष संख्या 11 का नवीनीकरण भी पूरा कर लिया गया है।

विधानसभा से रहा है गहरा नाता

राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा विधानसभा से गहरा नाता रहा है। वे 2000 और 2004 में रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुनी गई थीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बीजद–भाजपा गठबंधन सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

मार्च 2000 से अगस्त 2002 तक वे वाणिज्य एवं परिवहन विभाग में राज्य मंत्री रहीं। इसके बाद 2002 से 2004 तक उन्होंने मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास विभाग का नेतृत्व किया। विधानसभा में उनका कक्ष संख्या 11 आखिरी बार 2009 में उपयोग हुआ था।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा चाक-चौबंद

राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा और विधानसभा के शीतकालीन सत्र के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कमिश्नरेट पुलिस ने चार-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

इसके लिए 33 प्लाटून पुलिस बल और लगभग 150 अधिकारियों को विधानसभा परिसर की सुरक्षा में लगाया गया है। एंटी-टेरर स्क्वॉड और विशेष बल भी सदन के भीतर तैनात रहेंगे।

वहीं, एयरपोर्ट से राजभवन और राजभवन से विधानसभा तक के मार्गों पर अतिरिक्त 25 प्लाटून बल तैनात किए जाएंगे। पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक परिवर्तन किए गए हैं और पुलिस राष्ट्रपति की यात्रा तथा विधानसभा सत्र—दोनों के लिए पूर्णत: तैयार है।

सत्र 31 दिसंबर तक चलेगा

ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र एक महीने तक चलेगा। कुल 29 कार्यदिवसों के इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधायी और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। राष्ट्रपति का यह दौरा सत्र की शुरुआत को और भी ऐतिहासिक बना देगा, साथ ही उनके पुराने विधायक काल की यादों को ताजा करेगा।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 27 से

    राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा     कुल 33 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *