-
भुवनेश्वर में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ल ने किया खुलासा
-
गगनयान मिशन में शामिल थे शुक्ला
-
कहा—भारत बनाएगा अपना स्पेस स्टेशन
-
बढ़ेगी मानव अंतरिक्ष उड़ान की रफ्तार
भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में बुधवार को आयोजित साइंस एंड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम के दौरान भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने देश के अंतरिक्ष भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया। छात्रों से संवाद करते हुए शुक्ला ने कहा कि भारत 2040 तक चांद पर मानव उतारने का लक्ष्य हासिल कर लेगा और आने वाले वर्षों में भारत का अपना स्पेस स्टेशन भी स्थापित हो जाएगा।
शुक्ला ने बताया कि भारत मानव अंतरिक्ष उड़ान के लंबे रोडमैप पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास 2040 तक चांद तक पहुंचने की योजना है।
उन्होंने यह भी बताया कि उनका अंतरिक्ष मिशन पिछले वर्ष अगस्त से शुरू हुआ था और वे वर्तमान में देश के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के हिस्सा हैं, जो उन्नत चरण में है।
गगनयान मिशन देगा भविष्य की चांद यात्रा को आधार
साई इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित साइंसटेक वार्षिक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए शुक्ला ने कहा कि गगनयान मिशन पर कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है और यही मिशन भविष्य की मानवयुक्त चंद्र यात्राओं की नींव रखेगा। उन्होंने अंतरिक्ष में रहने के अनुभव, वहां की चुनौतियों और उत्साहजनक पलों को भी छात्रों के साथ साझा किया।
शुक्ला के अनुसार, भारत अब केवल लो-अर्थ ऑर्बिट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में लंबी अवधि की गहरे अंतरिक्ष मानव यात्राओं की दिशा में कदम बढ़ाएगा।
अंतरिक्ष से बेहद सुंदर दिखता है भारत
अंतरिक्ष से भारत के दृश्य का वर्णन करते हुए शुक्ला ने कहा कि भारत अंतरिक्ष से बहुत सुंदर दिखता है। सच में ‘सारे जहां से अच्छा’ कहा जाता है। भारत तीन तरफ से समुद्र से घिरा है, जो अंतरिक्ष से गहरे रंग में दिखता है और भूमि रोशनी से जगमगाती हुई नजर आती है, जो बेहद खूबसूरत दृश्य बनाती है। उन्होंने बताया कि कई अंतरिक्ष यात्रियों ने भी यही अनुभव साझा किया है। अपने संबोधन के अंत में शुक्ला ने कहा कि भारत आज आत्मविश्वास से भरा, साहसी और प्रगति के मार्ग पर तेजी से बढ़ता देश है। यह वास्तव में हमारे देश का स्वर्णिम काल है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
