-
भुवनेश्वर–कटक में शीतलहर, जी उदयगिरि में पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस
-
राजधानी में इस मौसम का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस
-
कई जिलों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे
-
दो दिन बाद रात का तापमान बढ़ने का अनुमान
भुवनेश्वर। ओडिशा में ठंड की मार तेज होती जा रही है। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में रविवार सुबह इस मौसम का सबसे कम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले शनिवार को शहर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को पहली बार इस सीजन में शीतलहर की स्थिति बनी थी, जब रात का तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम होकर 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
ऐतिहासिक रूप से भी नवंबर माह में भुवनेश्वर ने बेहद कम तापमान दर्ज किए हैं। 30 नवंबर 1970 को यहां न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस और 26 नवंबर 1968 को 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
पड़ोसी शहर कटक में भी बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान जी उदयगिरि में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कोरापुट के सेमिलिगुड़ा में 7.4 डिग्री सेल्सियस, दरिंगबाड़ी में 8 डिग्री सेल्सियस और फूलबाणी में 9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम है।
अनुगूल में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस कम था। राज्य के जिन अन्य स्थानों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, उनमें राउरकेला 10.2 डिग्री सेल्सियस, झारसुगुड़ा 10.6 डिग्री सेल्सियस, केंदुझर 10.8 डिग्री सेल्सियस, बरगड़ के चिपिलिमा 11 डिग्री सेल्सियस, भवानीपाटना 11.4 डिग्री सेल्सियस, कोरापुट 11.5 डिग्री सेल्सियस, नवरंगपुर 11.6 डिग्री सेल्सियस, ढेंकानाल 12.3 डिग्री सेल्सियस, सुंदरगढ़ 12.4 डिग्री सेल्सियस, सोनपुर 13 डिग्री सेल्सियस, बलांगीर 13.2 डिग्री सेल्सियस, ढेंकानाल के महीसापाट 13.4 डिग्री सेल्सियस, भद्रक के रानीताल 13.6 डिग्री सेल्सियस, बारिपदा 13.8 डिग्री सेल्सियस, संबलपुर और टिटिलागढ़ 14.2 डिग्री सेल्सियस तथा रायगड़ा 14.4 डिग्री सेल्सियस शामिल हैं।
राउरकेला में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 200 मीटर से भी कम रह गई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दो दिनों बाद रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
