Home / Odisha / एम्स भुवनेश्वर को मिले अत्याधुनिक भीष्म क्यूब मोबाइल अस्पताल
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

एम्स भुवनेश्वर को मिले अत्याधुनिक भीष्म क्यूब मोबाइल अस्पताल

  • आपदा के समय मिलेगी बड़ी मदद

  • एआई तकनीक से सुसज्जित ये अस्पताल एक घंटे में होगा तैयार

  • 200 मरीजों को एक साथ दे सकते हैं इलाज

भुवनेश्वर। भुवनेश्वर स्थित एम्स को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मिली है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के डिजास्टर सेल द्वारा एम्स भुवनेश्वर को तीन अत्याधुनिक ‘भीष्म क्यूब’ प्रदान किए गए हैं। ये मोबाइल मेडिकल यूनिट्स संकट की घड़ी में सबसे दुर्गम इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में क्रांतिकारी भूमिका निभा सकती हैं।

‘भीष्म’ यानी भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित एंड मित्र नामक इस पहल के तहत तैयार ये क्यूब्स बाढ़, भूस्खलन या अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय उस क्षेत्र में पहुंचकर मोबाइल अस्पताल के रूप में काम करते हैं, जहां पारंपरिक ढांचा या अस्पताल पहुंच से बाहर हो जाते हैं।

इकाइयां वॉटरप्रूफ और झटकों से सुरक्षित

इन मोबाइल अस्पतालों को महज एक घंटे के भीतर पूरी तरह तैयार किया जा सकता है। एक बार तैनात होने पर ये क्यूब्स ओपीडी (आउटडोर पेशेंट विभाग), ऑपरेशन थिएटर और मेडिकल प्रयोगशाला जैसी सुविधाओं से लैस हो जाते हैं। खास बात यह है कि ये इकाइयाँ वॉटरप्रूफ और झटकों से सुरक्षित हैं, जिससे इन्हें हेलिकॉप्टर से गिराया जा सकता है या नाव द्वारा भी ले जाया जा सकता है। सड़क, जल और वायु तीनों मार्गों से इनकी सुरक्षित ढुलाई संभव है।

बहुआयामी क्षमताएं आपदा प्रबंधन के लिए तैयार

भीष्म क्यूब्स में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीकों का भी उपयोग किया गया है, जिससे ये एक समय में लगभग 200 मरीजों को चिकित्सा सुविधा देने में सक्षम हैं। इसकी बहुआयामी क्षमताएं विशेष रूप से आपदा प्रबंधन के लिए तैयार की गई हैं।

भूतपूर्व वाइस एयर मार्शल और भीष्म टास्क फोर्स के प्रमुख डॉ तन्मय रॉय ने जानकारी देते हुए कहा कि भीष्म क्यूब, स्वास्थ्य मंत्रालय की एक अहम पहल है और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद द्वारा संचालित किया जा रहा है। ये क्यूब्स देश के सभी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संस्थानों को प्रदान किए गए हैं। इसका मूल उद्देश्य आपदा के समय अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है। इसे जरूरत पड़ने पर साइकिल से भी ले जाया जा सकता है।

आपदा संभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा को नई गति

एम्स भुवनेश्वर को यह उपलब्धि मिलने से ओडिशा और आसपास के राज्यों के आपदा संभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा को नई गति मिलेगी। यह पहल भारत सरकार की आपदा प्रबंधन रणनीति में एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

माझी और प्रधान ने फडणवीस को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं

नेतृत्व और जनसेवा के प्रति सराहना के साथ दी बधाई भुवनेश्वर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *