-
एक घंटे की देरी से हुई उड़ान
भुवनेश्वर। इंदौर से भुवनेश्वर आ रही इंडिगो की एक विमान में सोमवार को उड़ान से पहले मामूली तकनीकी खराबी पाई गई, जिसके कारण उड़ान निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से रवाना हुई। इस विमान में कुल 140 यात्री सवार थे।
देवी अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डे के निदेशक विपिन कांत सेठ ने मीडिया को जानकारी दी कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 6332 जब रनवे की ओर जा रही थी, तभी पायलटों ने एक तकनीकी समस्या को महसूस किया। इसके बाद विमान को तुरंत पार्किंग में वापस लाया गया।
इंजीनियरों द्वारा तत्काल जांच कर मामूली तकनीकी गड़बड़ी को ठीक किया गया, जिसके बाद विमान को उड़ान के लिए हरी झंडी दे दी गई। विमान को तकनीकी सुधार के बाद सुबह 10 बजकर 16 मिनट पर भुवनेश्वर के लिए रवाना किया गया, जबकि इसकी निर्धारित उड़ान का समय सुबह 9 बजे था।
सेठ ने यह भी स्पष्ट किया कि तकनीकी मरम्मत के दौरान यात्रियों को विमान से नहीं उतारा गया। हालांकि, उन्होंने तकनीकी गड़बड़ी के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
इससे एक दिन पहले रविवार को चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की एक और फ्लाइट 6ई-146 को भी तकनीकी खराबी के चलते उड़ान से पहले ही रोक दिया गया था। उस विमान में 177 यात्री सवार थे। जब विमान पार्किंग बे से रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का संदेह हुआ और उन्होंने विमान को वापस पार्किंग एरिया में ले जाकर यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार दिया।
लगातार दो दिनों में इंडिगो के विमानों में तकनीकी खामियों के ये मामले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि एयरलाइन ने त्वरित कार्रवाई कर किसी भी अनहोनी की आशंका को टाल दिया।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
