-
मुख्यमंत्री ने एक साल पूरा होने पर दिया संदेश
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने आज अपने कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया। उन्होंने कहा कि एक साल पहले भगवान जगन्नाथ की कृपा और जनता के विश्वास से उनकी सरकार का गठन हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और तभी से लोगों की सेवा को अपना एकमात्र लक्ष्य बना लिया।
मुख्यमंत्री मांझी ने कहा कि कॉलेज के दिनों से ही जनसेवा का भाव मन में था। एक स्वयंसेवक, शिक्षक, सरपंच और विधायक के रूप में जनता के बीच काम करते हुए आज मैं मुख्यमंत्री बना हूं। एक सामान्य परिवार से आने वाला बच्चा भी मुख्यमंत्री बन सकता है — यही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया
उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले ही दिन की कैबिनेट बैठक में चार बड़ी घोषणाएं की गईं। इनमें सबसे प्रमुख थी श्रीमंदिर के चारों द्वार खोलने का निर्णय और मंदिर के विकास के लिए 500 करोड़ का कॉर्पस फंड।
महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई ‘सुभद्रा योजना’ के तहत एक साल में एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ पहुंचाया गया है। किसानों को अतिरिक्त 800 की सहायता के साथ धान के एमएसपी के रूप में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है।
21 में से 11 वादों को पहले ही साल में पूरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 में से 11 वादों को पहले ही साल में पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार, लोगों की सरकार है। मैं हमेशा जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और उनका समाधान करने की कोशिश करता हूं।
उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि आपके आशीर्वाद और समर्थन से ओडिशा अब वास्तविक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।