-
केंद्रीय मंत्री ने किया संबलपुर चिड़ियाघर का निरीक्षण
संबलपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार तड़के संबलपुर चिड़ियाघर का दौरा किया और कहा कि आने वाले दिनों में इसे केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग से ओडिशा का दूसरा नंदनकानन बनाने की योजना बनाई जाएगी।
केंद्रीय मंत्री प्रधान आज संबलपुर चिड़ियाघर में जैव उद्यान और वनस्पति उद्यान का दौरा करने के साथ-साथ आम लोगों से विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने चिड़ियाघर की विभिन्न समस्याओं और नए वन्य प्राणियों को लाने के संबंध में वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ भी विचार-विमर्श किया।
इस संबंध में श्री प्रधान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संबलपुर चिड़ियाघर को नंदनकानन की तर्ज़ पर नए रूप में विकसित करने की योजना तैयार की जाएगी। इसे बड़ा किया जाएगा और पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साथ चर्चा की जाएगी। शहर में प्रकृति के प्रति नई पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि चिड़ियाघर में आने वाले पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार हो और इसके कर्मचारियों को अच्छी तरह से प्रशिक्षित किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर “माँ के लिए एक पौधा” अभियान शुरू किया गया है। इस अभिनव अभियान में शामिल होने के लिए उन्होंने देशवासियों से अपील की है। इस संदर्भ में संबलपुर को एक हरित शहर में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए तीन महीनों में एक लाख से अधिक पेड़ लगाए जाएंगे। जून 5 के विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू होकर जुलाई और अगस्त महीनों तक वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अभियान में जिला प्रशासन और वन विभाग के साथ-साथ कई सामाजिक संगठन, बुद्धिजीवी, महिलाएं, स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। वृक्षारोपण अभियान को एक जनआंदोलन में बदल दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अपने पर्यावरण को और अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी को एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
