-
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकली रैली बनी एकता का प्रतीक
-
वीरता के रंग में रंगी राजधानी, तिरंगा रैली से गूंजी देशभक्ति
-
कलिंग स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने किया तिरंगा बाइक रैली का उद्घाटन
-
दुश्मन की हर चुनौती का उचित उत्तर देने के लिए हमारी सेना पूरी तरह तैयार – मोहन माझी
भुवनेश्वर। तिरंगे की छांव में आज ओडिशा एकजुट दिखा।ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के सम्मान में भुवनेश्वर में आयोजित राज्य स्तरीय तिरंगा बाइक रैली ने पूरे ओडिशा को एकता के सूत्र में बांध दिया। कलिंगा स्टेडियम से मुख्यमंत्री के उद्घाटन के साथ शुरू हुई यह रैली न केवल देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत थी, बल्कि वीरता और सैन्य गौरव का प्रतीक भी बनी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि दुश्मन की हर चुनौती का देश उचित उत्तर देने में पूरी तरह सक्षम है। भुवनेश्वर की सड़कों पर गूंजते राष्ट्रप्रेम के नारों और लहराते तिरंगों ने यह संदेश दिया कि हर ओड़िया नागरिक देश की रक्षा और एकता के लिए संगठित है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भाग लिया और हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया।
कलिंगा स्टेडियम से शुरू होकर राजभवन तक पहुंची रैली
यह रैली सुबह 8 बजे कलिंगा स्टेडियम से शुरू होकर राजभवन तक पहुंची। इस दौरान पुलिस बल, सुरक्षा बल, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों ने तिरंगा हाथ में लेकर बाइक चलाई और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ पूरे शहर में परिक्रमा की।
आतंकवाद विरोधी अभियान को और भी सशक्त बनाएगी रैली
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद आज की यह तिरंगा बाइक रैली देश के आतंकवाद विरोधी अभियान को और भी सशक्त बनाएगी। जब सभी भारतीय तिरंगे के नीचे एकजुट होंगे, तब कोई भी शक्ति हमारे खिलाफ सफल नहीं हो सकती। तिरंगे के तीन रंग हमें श्रद्धा और सौहार्द्र के आदर्शों से प्रेरित करते हैं। हमारा राष्ट्रीय ध्वज हमारे संकल्प, संघर्ष, बलिदान और त्याग का प्रेरणादायक प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष 14 अगस्त को भी मैंने तिरंगा यात्रा में भाग लिया था। सभी लोगों के बीच जो अद्भुत उत्साह था, उसे देखकर मैं स्वयं भी अत्यंत उत्साहित हो गया था। आज भी बिल्कुल वैसा ही माहौल बना है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता हमारी माताओं और बहनों के संकल्प की सफलता है। हमारी सेना के वीर जवानों ने ‘सिंदूर’ की गरिमा को बनाए रखा है। इसीलिए मैं हमारे देश के वीर जवानों को एक बार फिर दिल से करोड़ों बार सम्मान प्रकट करता हूं।
मोदी के नेतृत्व में हम सभी भारतीय सुरक्षित
उन्होंने आगे कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम सभी भारतीय सुरक्षित हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा है कि प्रत्येक भारतीय को शांति और सुरक्षा के साथ रहने के लिए भारत को शक्तिशाली बनाना आवश्यक है। आवश्यकता पड़ने पर हमें अपनी शक्ति का प्रदर्शन करना भी ज़रूरी है और मोदी जी ने इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से प्रमाणित करके दिखाया है। परमाणु शक्ति के ब्लैकमेलिंग को भारत कभी स्वीकार नहीं करेगा, मोदी जी की यह दृढ़ चेतावनी आज पूरी दुनिया में गूंज रही है। दुश्मन की हर चुनौती का उचित उत्तर देने के लिए हमारी सेना पूरी तरह तैयार है।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी, पंचायतीराज मंत्री रवि नारायण नायक, विद्यालय एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग, उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, सहकारिता एवं हस्तशिल्प मंत्री प्रदीप बल सामंत, मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक, उद्योग मंत्री श्री संपद चंद्र स्वाईं आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।