-
देवेंद्र प्रधान अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रहे थे
-
राष्ट्रपति-पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने निधन पर जताया दुख
भुवनेश्वर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता डॉ देवेंद्र प्रधान का सोमवार को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ देवेंद्र प्रधान के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने 84 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रहे थे।
इससे पहले पीएम मोदी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रधान के निधन पर दुख जताया और उनके घर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता देवेंद्र प्रधान के निधन से दुःखी हूं। मैं उन्हें कई वर्षों से जानती हूं, इसलिए मुझे सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके समर्पण और लोगों की सेवा में उनकी लंबी अवधि के दौरान ओडिशा और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान को देखने का अवसर मिला। उनके पुत्र एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अन्य परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ देवेंद्र प्रधान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सांसद और मंत्री के रूप में डॉ देवेंद्र प्रधान जी का योगदान गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सशक्तिकरण पर जोर देने के लिए उल्लेखनीय है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि डॉ देवेंद्र प्रधान जी ने एक मेहनती और विनम्र नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ओडिशा में भाजपा को मजबूत करने के लिए काफी प्रयास किए। सांसद और मंत्री के रूप में उनका योगदान गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सशक्तिकरण पर जोर देने के लिए भी उल्लेखनीय है। उनके निधन से दुखी हूं। मैं उनके अंतिम दर्शन करने गया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री देबेंद्र प्रधान जी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। चाहे अटल जी की सरकार में मंत्री के रूप में विकास कार्यों को गति देना हो या ओडिशा भाजपा के अध्यक्ष के तौर पर संगठन को सशक्त बनाना हो, उन्होंने हमेशा अपनी कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ देवेंद्र प्रधान जी के निधन से अत्यंत दुःख हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर लिखा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पूज्य पिताजी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ देवेंद्र प्रधान जी के पार्थिव शरीर को आज नई दिल्ली में श्रद्धांजलि अर्पित की।