-
मुख्यमंत्री ने 158 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
मयूरभंज। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को मयूरभंज जिले के कप्तीपड़ा उपसंभाग में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 375 करोड़ रुपये की 158 विकास योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने उदला के पाटपुर क्षेत्र में आयोजित ‘विकास पथें मयूरभंज’ कार्यक्रम में 52 परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिन पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके साथ ही उन्होंने 106 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिन पर करीब 275 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज एवं पेयजल विभाग द्वारा शुरू की गई ये परियोजनाएं राज्य के विकास में एक नई दिशा देंगी। इन योजनाओं में आंगनवाड़ी केंद्र, जलाशयों का उन्नयन, सार्वजनिक सेवा केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और सहकारी समितियां शामिल हैं।
विकास की ओर मजबूती से बढ़ रहा ओडिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा अब तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ने राज्य के नागरिकों के हित में कई कल्याणकारी और विकास योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि गोडाबरिश मिश्र आदर्श प्राथमिक विद्यालय योजना, माधो सिंह छात्रवृत्ति योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है।
नई योजनाओं की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, जगन्नाथ दर्शन सेवा और मॉडल मंडी जैसी नई योजनाओं की भी परिकल्पना की है, जिससे आम जनता को व्यापक लाभ मिलेगा।
जनशिकायतों की सुनवाई पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि सरकार ने जनशिकायतों की प्रत्यक्ष सुनवाई को फिर से बहाल किया है। मुख्यमंत्री, उनके कैबिनेट मंत्री और जनप्रतिनिधि अब सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम पूरे राज्य में आयोजित किए जाएंगे।
संपन्न और समृद्ध ओडिशा के निर्माण का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य 2036 तक ओडिशा को एक समृद्ध राज्य बनाना है और इसमें मयूरभंज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना से कार्य करें, जिससे ओडिशा को एक विकसित और सशक्त राज्य बनाया जा सके।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
