भुवनेश्वर। ओडिशा के नए राज्यपाल के रूप में डॉ हरि बाबू कंभमपति 3 जनवरी 2025 को शपथ ग्रहण करेंगे। राजभवन में आयोजित होने वाले इस समारोह में राज्य के शीर्ष अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
डॉ कंभमपति, जो वर्तमान में मिजोरम के राज्यपाल हैं, ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास का स्थान लेंगे। इससे पहले आज वह भुवनेश्वर पहुंचे। भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव और प्रभाती परिडा, कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन और अन्य लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद कंभमपति के पुरी जाने से पहले हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कंभमपति ने कहा कि ओडिशा के भुवनेश्वर में उतरा, जहां माननीय मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया। भगवान जगन्नाथ के पवित्र दर्शन के लिए पुरी जाने से पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 71 वर्षीय कंभमपति शुक्रवार को सुबह 10.15 बजे ओडिशा के नए राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के न्यू अभिषेक हॉल में होगा।
आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में जन्मे डॉ हरि बाबू का जीवन शिक्षा और राजनीति के बीच संतुलित रहा है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग में बीटेक और आंध्र विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
एक शिक्षक के रूप में उन्होंने आंध्र विश्वविद्यालय में 24 वर्षों तक एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में सेवा दी, जहाँ उन्होंने अनेक छात्रों के करियर निर्माण में अहम योगदान दिया। इसके बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और आंध्र प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
