-
समुद्री धरोहर और तटवर्ती संस्कृति को समर्पित होगा दो दिवसीय आयोजन
-
बॉलीवुड सितारों की संगीत की होगी प्रस्तुति
-
पर्यटन स्थल बनेगा ऐतिहासिक लाइटहाउस
-
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री ने की घोषणा
भुवनेश्वर। पुरी में 19-20 अक्टूबर को दूसरा भारतीय लाइटहाउस फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इस बात की जानकारी केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को ट्वीट कर दी। उन्होंने कहा कि दूसरा भारतीय लाइटहाउस फेस्टिवल पवित्र पुरी में 19-20 अक्टूबर को आयोजित होगा।
इस फेस्टिवल का उद्देश्य भारत के तटवर्ती धरोहर, समुद्री संस्कृति और स्थानीय समुदाय को प्रोत्साहित करना है। इस दो दिवसीय आयोजन में बीच की सफाई, बीच योग, रन फॉर कोस्टल हेरिटेज, सैंड आर्ट प्रतियोगिता, तटवर्ती व्यंजनों का स्वाद, बॉलीवुड सितारों के साथ संगीत कार्यक्रम और मनोरंजन पार्क के साथ क्रेजी राइड्स जैसी कई गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
इस फेस्टिवल का आयोजन केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भारत के 75 ऐतिहासिक लाइटहाउसों को पर्यटन स्थल में बदलना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुसार, इन विशिष्ट लाइटहाउसों को आकर्षक पर्यटन स्थलों में बदलने की पहल की जा रही है, ताकि इनका सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व उजागर हो सके और साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त किया जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले पहला भारतीय लाइटहाउस फेस्टिवल 23-25 सितंबर 2023 को गोवा के ऐतिहासिक फोर्ट अगुआडा में आयोजित किया गया था।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
