Home / Odisha / ओडिशा में नई सरकार के 100 दिन पूरे, पुरी में राज्यस्तरीय उत्सव

ओडिशा में नई सरकार के 100 दिन पूरे, पुरी में राज्यस्तरीय उत्सव

  • मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

  • कहा 100 दिनों में सभी प्रमुख वादे किए पूरे

  • आगामी दशक होगा आधारशिला निर्माण का दशक

  • समृद्ध ओडिशा की रखी जा चुकी है नींव

पुरी। ओडिशा में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली भाजपा की नई सरकार के गठन के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आज पुरी में राज्यस्तरीय उत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि सरकार ने 100 दिनों के भीतर अपनी सभी प्रमुख वादों को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से 2036 तक समृद्ध ओडिशा के निर्माण का सपना साकार होगा और इसकी नींव पहले 5 वर्षों में रखी जाएगी। इस प्रक्रिया की शुरुआत पहले 100 दिनों में ही हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में महाप्रभु जगन्नाथ को नमन करते हुए कहा कि महाप्रभु हम सभी को आशीर्वाद दें और ओडिशा की जनता की सेवा के लिए प्रेरणा दें। आज जब हम अपनी सरकार के 100 दिन पूरे कर रहे हैं, हम महाप्रभु को धन्यवाद अर्पित करते हैं। उनका आशीर्वाद ही हमारी सेवा का मूल है।

उन्होंने उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रसिद्ध पंक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रजा के लिए राजा, प्रजा हित में राजनीति, प्रजा की इच्छा राज्य की नींव है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता की होती है और जनता के लिए होती है। जनता का समर्थन ही सरकार की असली ताकत है।

12 वर्षों में समृद्ध ओडिशा का निर्माण होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 12 वर्षों में समृद्ध ओडिशा का निर्माण होगा और पहले 5 वर्षों में इसकी नींव पक्की की जाएगी। विकसित भारत में ओडिशा विकास की अग्रिम पंक्ति में रहेगा।

संकल्प पत्र हमारा धर्मग्रंथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प पत्र उनके लिए एक धर्मग्रंथ के समान है। हमने चुनाव के दौरान जनता से जो वादे किए थे, उन्हें निभाना हमारा धर्म है। सरकार जनता के प्रति अपने दायित्व का पालन करते हुए एक समर्पित और उत्तरदायी सरकार के रूप में काम कर रही है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाए गए कदमों की चर्चा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोष सिद्धि की दर 50% तक पहुंच चुकी है, जबकि आय से अधिक संपत्ति के मामलों में यह दर 80% है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में किसी भी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भक्तों और भगवान के बीच अवरोध दूर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले ही दिन से श्रीमंदिर के चारों द्वार खोलने और रत्न भंडार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का कदम उठाया था। उन्होंने कहा कि यह फैसला भक्तों और भगवान के बीच मौजूद कृत्रिम अवरोधों को दूर करने के लिए था।

ओड़िया अस्मिता पर जोर

मुख्यमंत्री ने ओडिया अस्मिता और स्वाभिमान पर जोर देते हुए कहा कि उनकी सरकार ओडिशा की जनता के स्वाभिमान की रक्षा और राज्य के समग्र विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि ओड़िया अस्मिता भवन और ओड़िया अकदामी के स्थापना के लिए फंड आवंटित कर दिये गये हैं।

भुवनेश्वर में विश्वस्तरीय स्टेडियम बनेगा

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घोषणा की कि भुवनेश्वर में एक विश्वस्तरीय स्टेडियम का निर्माण बहुत ही जल्द किया जायेगा। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ाने के लिए सरकार हर तरह के कदम उठाएगी।

किसानों के प्रति सरकार प्रतिबद्ध

माझी ने राज्य के किसानों को संबल बनाने के लिए उठाये गये कदमों को गिनाते हुए कहा कि लोगों की सरकार नुआखाई के मौके पर सीएम किसान योजना की शुरूआत की। इससे पहले धान के खरीद का समर्थन मूल्य 2300 रुपये से बढ़ाकर 3100 रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार केंद्र की योजनाओं को भी किसानों तक पहुंचाएगी।

जल्द शुरू होगी आयुष्मान योजना

माझी ने कहा कि बहुत जल्द ही राज्य में गोपबंधु स्वास्थ्य योजना के साथ-साथ आयुष्मान योजना को भी शुरू किया जायेगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया इस योजना के लागू होने से लाभार्थी देशभर में कहीं भी इलाज करा सकते हैं। उन्होंने बताया इस योजना से 27 हजार अस्पतालों को जोड़ा गया है।

केंद्रीय योजनाओं को गिनाया

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दौरान राज्य में चल में रहीं केंद्रीय योजनाओं को भी गिनाया, जिसमें रेल और सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंन बताया कि केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद रेलवे में धन आवंटन काफी बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया राज्य में 25 हजार करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि अभी कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिलने वाली है और कइयों पर काम शुरू होने वाला है।

उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

इस दौरान माझी ने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा दिया जायेगा। इसके लिए कई कारिडोर तैयार किये जा रहे हैं। कई पार्क स्थापित किये जा रहे हैं।

एफडीआई और लॉजिस्टिक पार्क होंगे स्थापित

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घोषणा की कि राज्य में विदेशी निवेश के लिए एफडीआई पार्क स्थापित किये जायेंगे। इसके साथ-साथ चार लॉजिस्टिक पार्क भी स्थापित होंगे। इस मौके पर राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, केवी सिंहदेव के साथ-साथ राज्य सरकार के कई मंत्री, भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल, प्रदेश प्रभारी पाल सिंह तोमर व स्थानीय सांसद संबित पात्र व अन्य उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

सरकार ने पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी – प्रभाती परिडा

उपमुख्यमंत्री ने ओडिशा सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश पुरी। उपमुख्यमंत्री प्रभाती …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *